मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंगलवार को पत्नी प्रतिभा सिंह के साथ भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर में वेदपाठ और विशेष पूजा में भी हिस्सा लिया।
उनके साथ हिमाचल सरकार के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। वीरभद्र सिंह ने मंदिर समिति को एक क्विंटल चंदन की लकड़ी हिमाचल सरकार की ओर से उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।
वीरभद्र सिंह मंगलवार सुबह 11 बजे हेलीकाप्टर से बदरीनाथ धाम पहुंचे। हेलीपैड पर तहसीलदार चंद्रशेखर वशिष्ठ और थानाध्यक्ष दीपक रावत ने उनका स्वागत किया। यहां से वह कार से बदरीनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने वेद पाठ और विशेष पूजा-अर्चना में भाग लिया।
मंदिर परिसर में बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह, पुरोहित राजेंद्र प्रसाद डिमरी और महेश डिमरी ने उनका स्वागत किया। मंदिर में आधा घंटा बिताने के बाद प्रसाद ग्रहण कर वह हेलीकाप्टर से 12 बजकर 50 मिनट पर देहरादून के लिए रवाना हो गए।
बदरीनाथ धाम के भ्रमण के दौरान उन्होंने हिमाचल सरकार की ओर से एक क्विंटल चंदन की लकड़ी बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को भेंट करने की भी बात कही। इस दौरान बलदेव, लक्ष्मण नैनवाल, अरविंद शर्मा तथा राजेंद्र चौहान आदि भी मौजूद रहे।