मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि झूठी घोषणाएं करना भाजपाइयों का काम है।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि झूठी घोषणाएं करना भाजपाइयों का काम है। कांग्रेस जब भी सत्ता में आई प्रदेश का एक समान विकास किया। उन्होंने कहा कि पच्छाद क्षेत्र में भाजपा के जो भी नेता आए, घोषणाएं कर चले गए। इसके बाद कोई काम नहीं किया गया।
उन्होंने क्षेत्र में तैनात अधिकारियों को विधानसभा क्षेत्र में चल रहीं विकासात्मक गतिविधियों बारे में उनके कार्यालय को अवगत करवाने के भी निर्देश दिए। सीएम राजगढ़ दौरे के दौरान राजगढ़ और नौरा में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के 37 लाख लोगों को अनुदान दरों पर राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है। योजना में दो रुपये प्रति किलोग्राम की दर से तीन किलो गेहूं तथा 3 रुपये प्रति किलोग्राम दो किलो चावल प्रति व्यक्ति हर महीने प्रदान किया जा रहा है।
कहा कि प्रदेश का विकास ग्रामीण क्षेत्रों की खुशहाली पर निर्भर करता है, क्योंकि प्रदेश की 90 प्रतिशत जनसंख्या इन क्षेत्रों में रहती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 111.19 करोड़ की डॉ. वाईएस परमार किसान स्वरोजगार योजना कार्यान्वित की जा रही है।
किसानों को पॉलीहाउस बनाने को 85 प्रतिशत उपदान दिया जा रहा है। उन्होंने कारगिल के शहीद ग्रेनेडियर हितेश कुमार के जीवन पर आधारित विद्यानंद सरैक की ओर से लिखित ब्रॉशर का भी विमोचन किया। योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की मांगों से अवगत करवाया।
Published by Ashok Chauhan