मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह दिल्ली के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वह कई कार्यक्रमों में शिरकत कर सकते हैं। दिल्ली में 1 दिसंबर को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव का कार्यक्रम जारी होना है, जिसमें कांग्रेस शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के मौजूद रहने की संभावना है।
वीरभद्र भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बन सकते हैं। इसके अलावा 30 नवंबर को दिल्ली के पटियाला हाउस में उनकी आय से अधिक संपत्ति मामले की सुनवाई होनी है। हालांकि, मुख्यमंत्री को मंगलवार को दिल्ली निकलना था, लेकिन किन्हीं कारणों से उनका दौरा टल गया।
निर्वाचन आयोग से मुख्यमंत्री को सरकारी हेलीकाप्टर की सेवाएं लेने की अनुमति मिल चुकी है। मुख्यमंत्री के हेलीकाप्टर सेवाएं लेने के तय प्रावधानों के तहत अब वे उड़ान भर सकते हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार दो दिन के लिए मुख्यमंत्री दिल्ली में प्रवास करेंगे।