मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि कुछ लोग क्षेत्रवाद और जातिवाद के नाम पर भ्रमित कर लोगों को टुकड़ों में बांटना चाहते हैं। ऐसे लोगों से बचना जरूरी है। कुछ लोग कह रहे हैं कि हिमाचल में लव जिहाद हो रहा है। मेरी ऐसे लोगों को चुनौती है कि वे लव जिहाद का एक नाम तो बताएं। ऐसे लोग जनता को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। अभी नेरचौक के मेडिकल कॉलेज की तीसरी मंजिल के बाथरूम में पाकिस्तान का नारा लिखने की बात सामने आई।
मीडिया ने भी लिखा कि हिमाचल के अंदर देशद्रोह हो गया है। मीडिया ने खबर को ऐसे दर्शाया जैसे पूरे हिमाचल में भारत विरोधी नारे लिखे गए हों। क्या मीडिया को पता है कि देशद्रोह की परिभाषा क्या है। उन्होंने कहा कि अखबारों को भी सोच समझकर लिखना चाहिए। ऐसी बातों से समाज के अंदर गलतफहमियां पैदा हो जाती हैं। इस मामले में जांच की जा रही है। राष्ट्रविरोधी काम जो भी करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
मोदी पर भी साध दिया निशाना
हिमाचल जैसे हिंदू बाहुल्य राज्य में ही अगर ऐसी बातें होंगी तो देश में क्या होगा। हिमाचल में अन्य समुदाय के लोग भी हैं। उन्हें हम क्यों जताने की कोशिश करें कि वे हमारे साथ नहीं। वे भी देश के प्रति उतने ही वफादार हैं, जितने हम सभी। मुख्यमंत्री कलियाड़ा में ब्लॉक कांग्रेस शाहपुर की जनसभा को संबोधित कर रहे थे। जनसभा के दौरान उन्होंने बिना नाम लिए मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाषणों से देश आगे नहीं बढ़ेगा।
केंद्र की नई सरकार तरक्की के मामले में सभी राज्यों को बराबरी का हक दे। उन्होंने कहा कि विपक्ष की पार्टियों को भी विकास में सरकार का समर्थन करना चाहिए। इससे पहले मुख्यमंत्री ने दरीणी, बोह और आईटीआई शाहपुर में कई शिलान्यास तथा उद्घाटन करने के साथ कई घोषणाएं कीं। दरीणी स्कूल में जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने शाहपुर विधानसभा के दुर्गम क्षेत्र धारकंडी के लोगों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए दरिणी में उप तहसील खोलने की घोषणा की।
बाली के खिलाफ किसी विधायक ने शिकायत नहीं की
मीडिया से अनौपचारिक बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि परिवहन मंत्री जीएस बाली के खिलाफ किसी विधायक ने कोई शिकायत नहीं की है। यह मामला अभी अदालत में है। उन्होंने कहा कि प्रेम कुमार धूमल दो दफा सीएम बने।
उन्होंने उस दौरान कांग्रेस के लोगों और मेरे खिलाफ सिर्फ केस किए। लेकिन, मैंने ट्रायल फेस किए और कोई शोर नहीं मचाया। अब ये लोग हल्ला क्यों मचा रहे हैं। मेरे मन में किसी के प्रति प्रतिशोध की भावना नहीं है।
मुख्यमंत्री आज सुलह क्षेत्र के दौरे पर
सोमवार को सीएम सुलह विस क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। थुरल इलाके में सीएम कंगैहण-ठंबू पेयजल योजना का शिलान्यास करेंगे। यह पेयजल योजना करीब 38 करोड़ की लागत से बनेगी। इससे इलाके की 36 पंचायततों के लोग लाभान्वित होंगे।
इससे पहले मुख्यमंत्री थुरल में पुलिस चौकी भवन और चल्लाह-थुरल सड़क पर न्यूगल खड्ड पर बनने वाले पुल क शिलान्यास करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री भेडू महादेव मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद वहां पर जनसभा को संबोधित करेंगे। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री दौरे के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।