मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने हिमाचल दिवस पर चंबा में राज्यस्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली हस्तियों को पुरस्कारों से अलंकृत किया है। हिमाचल गौरव, प्रेरणा स्त्रोत, नागरिक सेवाएं एवं नवोन्मेष पुरस्कार प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने राज्य के बहादुर बालक प्रफुल्ल को वीरता पुरस्कार देते गले से लगा लिया।
पीठ थपथपाई। प्रफुल्ल शर्मा ने अपनी जान पर खेल कर 20 बच्चों की जान बचाई थी। इसके बाद प्रफुल्ल को गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रीय बाल वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। प्रफुल्ल शर्मा मूलत: मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल के रहने वाले हैं। मुख्यमंत्री ने डॉ. कृष्ण लाल सहगल को लोक संगीत क्षेत्र में हिमाचल गौरव पुरस्कार प्रदान किया।
इनके अलावा कमांडेंट 17वीं भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) बटालियन के कमांडेंट राजेंद्र कुमार वर्मा और नालागढ़ के दभोटा से अंतर्राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर को हिमाचल गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया। पुलिस थाना झाकड़ी के प्रभारी कुलवंत सिंह, कांस्टेबल रोशन लाल, कांस्टेबल राजेश कुमार, एचएचसी इंद्र सिंह, एएसआई शेर सिंह को गौरव पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
वहीं, राज्यस्तरीय प्रेरणा स्त्रोत पुरस्कार सिरमौर जिला के वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) नाहन के प्रवक्ता दिनेश सूद को प्रदान किया गया। वीरभद्र सिंह ने राज्यस्तरीय नागरिक सेवा पुरस्कार जिला शिमला को प्रदान किया, जिसे उपायुक्त शिमला रोहन ठाकुर ने प्राप्त किया।
नवोन्मेष पुरस्कार योजना के अंतर्गत डॉ. वाईएस परमार वानिकी एवं बागवानी विश्वविद्यालय नौणी को बंदर बहुल क्षेत्रों में स्तरोन्नत आर्थिक खेती और नई व्यावसायिक फसलों के साथ शीघ्र तैयार होने वाली तकनीक के लिए डॉ. कमल शर्मा तथा डॉ. संजीव ठाकुर को 10 हजार 500 रुपये प्रति व्यक्ति चेक प्रदान किए गए।
आईजीएमसी शिमला के न्यूरोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रो. डॉ. सुधीर शर्मा को प्रदेश टैली-स्ट्रोक परियोजना के लिए 21 हजार रुपये का चेक भेंट किया गया। आरआर एंटरप्राइजिज को रेडी टू कुक स्पाइस मिक्स के लिए पूनम घई पत्नी बृज भूषण घई को 21 हजार रुपये का चेक और मंडी स्थित डाइट के प्रधानाचार्य तथा निदेशक नगर नियोजन विभाग को ई-सर्विस परियोजना के लिए 21-21 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।
पीओ सेल का भी हुआ सम्मान
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने चंबा पुलिस की पीओ सेल की टीम को सम्मानित किया। महज डेढ़ साल के भीतर ही 47 भगौड़े अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचने वाली जिला चंबा पुलिस की पीओ सेल की टीम को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने चंबा में राज्यस्तरीय हिमाचल दिवस समारोह के दौरान सम्मानित किया।
इस मोके पर टीम के सदस्यों, जिसमें पीओ सैल टीम के इंचार्ज हमीद मुहम्मद, एचसीसी चमन, आरक्षी रविंदर और महिला आरक्षी रीना को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। गौरतलब है की पीओ सैल की टीम ने देश के विभिन्न हिस्सों से अदालत के द्वारा भगौड़े करार दिए अपराधियों को पकड़ कर सलाखों के पीछे पहुँचाया है। महज डेढ़ वर्ष के अंदर ही टीम ने हिमाचल के अतिरिक्त पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, जम्मू और कश्मीर इत्यादि राज्यों से 47 अपराधियों को पकड़ा है।