मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि मेरी ईमानदारी और चरित्र पर उंगली न उठाएं। ये असहनीय है। अरुण जेटली, प्रेमकुमार धूमल और अनुराग ठाकुर ने विस चुनाव के समय मेरे खिलाफ षड्यंत्र रचा। उस वक्त कांग्रेस की जीत हुई, उससे भी भाजपा को बड़ा धक्का लगा। बोले - मुझे राजनीति में आए कई दशक हो गए हैं।
मैं अपने परिवार की पीढ़ियों में 121वीं पीढ़ी का प्रमुख हूं। सीएम ने विधानसभा परिसर में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि भारत में क्रिकेट माफिया है, उसमें कई लोग शामिल हैं। मध्यप्रदेश और दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन पर भी आरोप लगे। ये सब दबाए गए। हिमाचल में सरकार ने क्रिकेट एसोसिएशन पर कार्रवाई की, इसीलिए उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। ये मामला आयकर का है, पर उनका केस आयकर विभाग, ईडी और सीबीआई में चल रहा है।
सारी एजेंसियां पीछे लगा दी गई हैं। रविंद्र रवि के चर्चा के लिए दिए नोटिस पर सीएम ने कहा कि वे जांच को कैसे प्रभावित कर सकते हैं। वे अगर अपराधी नहीं हैं तो क्यों इस पर बहस में पड़ें। उन्होंने अपील की कि चंडीगढ़ में वह हर पेशी में हाजिर हुए। उनके मामले की सुनवाई को चंडीगढ़ में दिल्ली से एक विशेष ट्रिब्यूनल भेजा गया।
इसी ने यह फैसला दिया है। अब फैसले के खिलाफ अपील की जा रही है। जो लोग भ्रष्टाचार की दलदल में हैं, वे ही उन पर आरोप लगा रहे हैं। भाजपा के कुछ सदस्यों ने आयकर मामले पर चर्चा को जो नोटिस दिया है, वह मामला ही सब जुडिस है। इस पर कोई अंतिम फैसला तो आ जाए। लोअर कोर्ट अगर कोई फैसला लेता है उसकी आगे भी अपील होती है।
चुनाव में नहीं होगा नोटबंदी का असर: सीएम
सीएम वीरभद्र सिंह ने चंडीगढ़ नगर निगम में भाजपा के चुनाव जीतने पर किए गए सवाल के जवाब में कहा कि वहां अपर मिडल क्लास के लोग रहते हैं। इसमें नोटबंदी का कोई असर नहीं रहा है। न ही हिमाचल के चुनाव में ऐसा कोई असर नजर आएगा। जो ऐसा मानते हैं, वे गलत हैं।