दुलैहड़ में पहुंचे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व सीएम प्रो. प्रेम कुमार धूमल के सरकार गिरने के बयान पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि धूमल ज्योतिषी कब से बन गए। सीएम ने कहा कि सरकार अपना पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करेगी और इसी उत्साह के साथ रिपीट भी होगी। सीएम दुलैहड़ में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
इसके बाद सीएम ने ऊना के दुलैहड़ में जनसभा में लोगों को विश्वास दिलाया कि वीरभद्र सिंह ने जिंदगी में कभी गलत काम नहीं किया। भारत सरकार की सारी शक्तियां उनके खिलाफ पूरी ताकत लगा लें, वे हार नहीं मानेंगे। सीएम हरोली हलके में लगभग सौ करोड़ के विकास कार्यों के उद्घाटन व शिलान्यास के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा जब भी विपक्ष में रही, विधानसभा में कभी रचनात्मक सहयोग नहीं दिया। भाजपा के विधायक समझते हैं कि सरकार की आलोचना करना और सत्र में हल्ला करना सबसे बड़ी राजनीति है। हालांकि वे हल्ला करने से पहले सत्र में हाजिरी जरूर लगा लेते हैं ताकि उन्हें भत्ता मिलता रहे।
आरोप लगाने वाले ये न भूलें कि अगर उनकी एक अंगुली मेरी तरफ है तो बाकी चार उनकी ओर होती हैं। सीएम ने कहा कि वे राजनीति में कभी प्रलोभन से नहीं आए। बकौल वीरभद्र मुझे नरेंद्र मोदी को छोड़कर नेहरू से लेकर अब तक जितने भी प्रधानमंत्री हुए सबके साथ केंद्र में काम करने का मौका मिला।
लेकिन अब ऐसा लगता है कि केंद्र की सरकार प्रदेश सरकार को अस्थिर करने के लिए हर कोशिश में लगी है। उनके साथ उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, राज्य वित्तायोग अध्यक्ष कुलदीप कुमार, विधायक राकेश कालिया व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी आदि मौजूद रहे।