उन्होंने कहा कि यह वक्त टिकट की लड़ाई का नहीं है, न्याय और अन्याय की लड़ाई है। टिकट के सभी दावेदार, कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकजुट होकर जीत हासिल करने के लिए अपने-अपने क्षेत्र में जुट जाएं। वह खुद भी हर एक विधानसभा क्षेत्र की पंचायत और गांव का भी दौरा करेंगे। इस बार धनबल नहीं, जनबल हमारे साथ है। भाजपा हमेशा ही धनबल की राजनीति करती आई है। चुनावों में जनबल ही भाजपा को आईना दिखाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बागी विधायकों के जाने के बाद भाजपा में विद्रोह हो गया है।
विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर पहले अपना कुनबा संभाले। उन्होंने कहा कि जिन विधायकों ने अपनी विधायकी बेची है, वह सेवा भाव से राजनीति करने नहीं आए हैं, बल्कि लूटपाट करने आए हैं और यह बिकाऊ विधायक न तो कांग्रेस पार्टी में चलेंगे और न ही बीजेपी में शामिल होने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी व कार्यकर्ता इनको टिकने देंगे। सीएम ने कहा कि हाईकमान ने सर्वे करवाया है। दावेदारों की लिस्ट ज्यादा है, लेकिन जो सर्वे में सबसे ऊपर आए हैं, उनके साथ सभी दावेदारों को एकजुट होकर चुनाव लड़ना है और भाजपा को सबक सिखाना है।
भाजपा को ले डूबेंगे नवग्रह
सीएम ने कहा कि इन बिकाऊ विधायकों की भ्रष्टाचार ही एकमात्र कमाई है। बीजेपी में शामिल करने के बाद भाजपा के लोग अब खुद परेशान हो गए हैं और कह रहे हैं कि यह नवग्रह अब भाजपा को भी ले डूबेंगे। उन्होंने कहा कि 35 साल के राजनीतिक जीवन के सफर में ऐसी दूषित राजनीति पहली बार देखने को मिली है। जब हिमाचल में आपदा आई तो केंद्र ने एक पैसे की भी मदद नहीं की। प्रधानमंत्री, गृह मंत्री सहित अन्य केंद्रीय मंत्रियों से भी मिलना हुआ। लेकिन राहत के नाम पर कुछ भी नहीं मिला है। इसके चलते केंद्र सरकार के आगे नहीं झुके।
जब भी घर जाता हूं, मां मुझे देती है 500 रुपये
सीएम ने कहा कि जब भी मैं घर जाता हूं तो मां अपनी पेंशन से 500 रुपये देती है। कहती है कि बेटा पुरानी पेंशन बहाल करके कर्मचारियों के साथ न्याय किया है। आपदा में जो काम किया है, उसके लिए वर्ल्ड बैंक और पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने भी सराहना की है। सरकार ने आवश्यकता पड़ी तो आपदा और बचाव कार्यों के लिए भी नियम बदल डाले।
लोकसभा सीट का उम्मीदवार ऊना से होना चाहिए : मुकेश
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू को मंच पर ही कहा कि हमीरपुर से मुख्यमंत्री हैं और अब हमें सांसद ऊना से चाहिए। इसलिए लोकसभा सीट का चेहरा ऊना का होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं मंच से दावा करता हूं कि ऊना की दो विधानसभा सीटों में एक भी भाजपा नहीं जीतेगी। मंडी लोकसभा सीट से भाजपा की प्रत्याशी कंगना रणौत की ओर से महिलाओं की इज्जत करने से जुड़े बयान पर पलटवार करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पहले यह बताएं कि महिलाओं को मिलने वाले 1500 रुपये की राशि को रुकवाने जयराम ठाकुर चुनाव आयोग के पास क्यों पहुंच गए। उन्होंने कहा कि अगर चुनाव आयोग से अनुमति मिल गई तो 30 अप्रैल से ही राशि भेजी जानी शुरू हो जाएगी।