हिप्पा में जो प्रशिक्षण निशुल्क, उसके लिए क्यों जा रहे गुजरात : संजय
विधायक संजय रतन ने बागवानी विश्वविद्यालय नौणी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब शिमला स्थित हिप्पा में प्रशिक्षण निशुल्क हो सकता है तो गुजरात क्यों जाया जा रहा है। सिंगल टेंडर कर कंपनी का चयन करने पर भी उन्होंने सवाल उठाया। संजय ने कहा कि वित्त विभाग की मंजूरी लिए बिना विदेशी दौरे भी बंद होने चाहिए। जवाब में बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि विश्वविद्यालय से जो वैज्ञानिक विदेश जाते हैं, उन्हें केंद्र सरकार की ओर से बजट दिया जाता है। गुजरात में प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण लेने की क्या जरूरत पड़ी, इसके बारे में पता किया जाएगा। भविष्य में इसका ध्यान भी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि विदेश दौरों को लेकर मंजूरी लेने के मामले पर भी विचार करेंगे। कमियों को दूर किया जाएगा।
भावानगर से पिन वैली होकर काजा तक बनेगा वैकल्पिक मार्ग : विक्रमादित्य
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भावानगर से पिन वैली होते हुए काजा तक वैकल्पिक सड़क बनाने का फैसला लिया गया है। इससे काजा तक का सफर 100 किलोमीटर कम होगा। चीन बार्डर तक सड़क पहुंचाने के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाना आवश्यक है। लाहौल-स्पीति से विधायक अनुराधा राणा ने सवाल उठाया कि स्पीति वैली वाया लियो सड़क का काम बीते छह साल से पूरा नहीं हुआ है। सिर्फ चुनाव के दौरान इस सड़क की बात होती है। जवाब में विक्रमादित्य ने कहा कि विभाग ने बीआरओ को इस सड़क को बनाने की मंजूरी दे दी है। बीआरओ की ओर से इस बाबत कोई जवाब अभी नहीं आया है। इस सड़क को एनएच 505 से जोड़ने के लिए चांगो गांव के समीप स्पीति नदी पर 75 मीटर का पुल बनाया जाना है। इसका काम जारी है। एक करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है।