मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालयों के साथ-साथ धर्मशाला, किन्नौर, बिलासपुर, ऊना, सोलन, मनाली, मंडी और कुल्लू अस्पतालों में 50 बिस्तरों की क्षमता के क्रिटिकल केयर ब्लॉक स्थापित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को शिमला में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि चिकित्सा खंड स्तर पर आधुनिक सुविधायुक्त अस्पताल स्थापित होंगे। इन अस्पतालों की क्षमता 50-100 बिस्तरों की होगी और इनमें विशेषज्ञ चिकित्सक, पर्याप्त पैरामेडिकल स्टाफ के साथ-साथ डायग्नोस्टिक लैब उपलब्ध करवाई जाएंगी। सीएम ने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालयों के साथ-साथ धर्मशाला, किन्नौर, बिलासपुर, ऊना, सोलन, मनाली, मंडी और कुल्लू अस्पतालों में 50 बिस्तरों की क्षमता के क्रिटिकल केयर ब्लॉक स्थापित किए जाएंगे।
विज्ञापन
इन स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को बेहतरीन आपातकालीन स्वास्थ्य देखभाल सुविधाएं प्रदान करने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों, संबद्ध स्वास्थ्य पेशेवरों और सहायक कर्मचारियों के साथ पर्याप्त स्टाफ तैनात किया जाएगा। इसके दृष्टिगत हमीरपुर, टांडा, आईजीएमसी शिमला चिकित्सा महाविद्यालयों और अतिविशिष्ट चिकित्सा संस्थान चम्याणा में पांच विशेषज्ञ रोबोटिक शल्य चिकित्सा सुविधाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पहले चरण में चंबा, नाहन और नेरचौक चिकित्सा महाविद्यालयों में एक-एक रोबोटिक शल्य चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध होगी। आधुनिक तकनीक युक्त स्वास्थ्य देखभाल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 5-जी तकनीक का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चंबा चिकित्सा महाविद्यालय में छात्रावास और टाइप-4 आवासों का निर्माण कार्य आगामी अप्रैल माह और अस्पताल खंड का निर्माण कार्य जुलाई 2023 तक पूरा कर लिया जाएगा।