सच्चे सेवक हैं पुष्पेंद्र वर्मा : प्रतिभा
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि पुष्पेंद्र वर्मा सच्चे जनसेवक हैं। कार्यकर्ता उन्हें जिताने के लिए दिन-रात एक करें। कांग्रेस सरकार के 16 महीने के कार्यकाल में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। सरकार ने ओपीएस, 1500 रुपये महिला पेंशन समेत 5 गारंटियां पूरी कर दी हैं। इसके अलावा अनेक योजनाएं लोगों के लिए लागू की हैं।
पता नहीं क्यों सीएम को हटाने की साजिश करते हैं हमीरपुर के नेता : अग्रिहोत्री
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह भगवान का दिया मौका है कि डाॅक्टर वर्मा ने विधानसभा पहुंचना था। हमीरपुर के लोगों को साबित करना है कि वह मुख्यमंत्री के साथ हैं। हमीरपुर के मुख्यमंत्री को हटाने के लिए पता नहीं क्यों यहां के नेता सक्रिय हो जाते हैं। पहले प्रेम कुमार धूमल को हटाने की साजिश रची गई, अब सुक्खू को हटाने व सरकार गिराने का षड्यंत्र रचा गया।
ज्वालामुखी मंदिर में कमलेश ठाकुर ने लिया मां ज्वाला का आशीर्वाद
वहीं विश्व विख्यात शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में शुक्रवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने नामांकन से पहले विधिवत्त पूजा-अर्चना की और मां ज्वाला का आशीर्वाद प्राप्त किया। पुजारी व न्यास सदस्य दिव्यांशु भूषण दत्त ने उन्हें विधिवत पूजा करवाई और ज्वाला मां की चुनरी और प्रसाद भी भेंट किया। कमलेश ठाकुर ने मां ज्वाला के दरबार में यज्ञ शाला में हवन यज्ञ में आहुतियां भी डालीं और माता से कामना की।
सरकार बचाने में लगे सीएम और मित्र मंडली : सुधीर
भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री और उनकी मित्र मंडली सरकार बचाने में लगी है। शेखचिल्ली के हसीन सपने देखना मुख्यमंत्री की पुरानी आदत है। मुख्यमंत्री सत्ता का दुरुपयोग और फजूलखर्ची कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव परिणाम से साफ है की मुख्यमंत्री अपनी लोकप्रियता खो चुके हैं। हमीरपुर लोकसभा सीट से अनुराग ठाकुर पांचवीं बार चुनाव जीते हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू के विधानसभा क्षेत्र नादौन में भी भाजपा को 2,143 वोट की लीड मिली है।