गांधी चौक पर जिला कांग्रेस ने लगाया रक्तदान शिविर
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के जन्मदिवस पर गांधी चौक हमीरपुर में जिला कांग्रेस की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान मौजूद लोगों को हलवा भी बांटा गया। जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर के निवर्तमान अध्यक्ष सुमन भारती ने कहा कि गांधी चौक पर रक्तदान शिविर का आयोजन मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य पर किया गया है। दर्जनों लोगों ने शिविर में रक्तदान किया है। दोपहर बाद भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।
मंडी में चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट ने केक काटकर मनाया मुख्यमंत्री का जन्मदिवस
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार मंडी में विशेष आयोजन किया गया। एपीएमसी मंडी के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया की पहल पर चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट ने केक काटकर मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। मंडी के जिमखाना क्लब में आयोजित इस समारोह में अनाथ सह बाल आश्रम डैहर एवं बाल वृद्ध अनाथ आश्रम तल्याहड़ से लगभग 110 बच्चों ने भाग लिया। इसके अलावा समाज के विभिन्न वर्गों ने भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया। एपीएमसी मंडी के चेयरमैन संजीव गुलेरिया ने सभी बच्चों का स्वागत किया। बच्चों की ओर से केक काटने के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सभी ने अपनी खुशी का इजहार किया। इस अवसर पर संजीव गुलेरिया की ओर से बच्चों को गिफ्ट हैंपर और ट्रैक सूट भी भेंट किए गए। इन ट्रैकसूट के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि जीवन में चाहे कितने भी कठिन संघर्ष हों, जीत हमेशा दृढ़ इरादों की ही होती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बागडोर संभालने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री बालिका आश्रम शिमला पहुंचे और यहीं से प्रेरणा लेकर अनाथ व निराश्रित बच्चों के लिए मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना शुरू की। इन बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ दि स्टेट का दर्जा प्रदान किया।