मुख्यमंत्री ने अग्निशमन सेवा कर्मियों को उनकी अनुकरणीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया और 14 से 20 अप्रैल तक आयोजित अग्निशमन सेवा सप्ताह में हुईं विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने अग्निशमन, होमगार्ड और पुलिस कर्मियों की बहादुरी और कार्य के प्रति समर्पण भाव की सराहना करते हुए कहा कि आग की घटनाओं के बीच जानमाल की रक्षा करना महान सेवा है।
उन्होंने कहा कि भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिगत हिमाचल की प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशीलता को देखते हुए सरकार अग्निशमन सेवाओं को सुदृढ़ कर रही है। वर्ष 2023 की आपदा में अग्निशामकों, होमगार्डों और एसडीआरएफ कर्मियों की भूमिका की सराहना की। पिछली भाजपा सरकार पर सार्वजनिक धन के कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए सीएम ने कहा कि वर्तमान सरकार ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है और भ्रष्टाचार के दरवाजे बंद करके 2,200 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया है।
दो शहीद अग्निशामकों के परिजनों को 5-5 लाख देने की घोषणा
सीएम ने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की और नालागढ़ में वर्ष 2009 में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए दो अग्निशामकों जोगिंद्र पाल और घनश्याम के परिवार वालों को 5-5 लाख रुपये देने की घोषणा की।