मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शनिवार को कार्ट रोड में क्षतिग्रस्त हुई सड़क की बहाली के कार्य और मौजूदा स्थिति का जायजा लिया।
सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे मौके पर पहुंचे वीरभद्र सिंह ने ध्वस्त हुई सड़क को जल्द से जल्द बहाल कर इसमें दोनों और से ट्रैफिक बहाल करने के आदेश लोनिवि अधिकारियों और ठेकेदार को दिए।
इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता नरेश शर्मा और मुख्य अभियंता एमएस ठाकुर सहित अधीक्षण अभियंता शिमला बीएस चौहान भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि सड़क के क्षतिग्रस्त होने का कारण क्या रहे तथा सड़क को कैसे सुरक्षित बनाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने लोनिवि अधिकारियों और डंगे का निर्माण कर रहे ठेकेदार को जल्द से जल्द इस कार्य को पूरा करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि इस सड़क के ढहने से पूरे शहर का ट्रैफिक प्रभावित हो रहा है। इससे शहर की जनता और पर्यटक तक परेशान हो रहे हैं।