कनलोग में 65 फीट ऊंचा रावण बनाया गया है। संजीवनी जल कल्याण सोसायटी के सचिव सचिन आनंद सूद ने बताया कि शाम छह बजे रावण का दहन किया जाएगा। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताएं की जाएंगी। शाम के समय बाईपास से झांकी निकाली जाएगी, जबकि शाम आठ बजे करयाला होगा। इसमें सैकड़ों लोग मौजूद रहेंगे।
नाभा में 35 फीट ऊंचा है रावण का पुतला
युवा कलाकेंद्र नाभा में 35 फीट ऊंचा रावण और 25-25 फीट ऊंचे मेघनाद और कुंभकरण के पुतले जलाए जाएंगे। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कोऑपरेटीव बैंक के चेयरमैन खुशी राम बालनाटाह बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। इस अवसर पर राम, लक्ष्मण, हनुमान, रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण आदि की वेशभूषा में कलाकार झांकियां निकालेंगे।
समरहिल में शाम छह बजे जलेगा रावण
समरहिल में शाम छह बजे रावण का पुतला जलाया जाएगा। स्पोर्ट्स कल्चरल वेलफेयर सोसायटी समरहिल के अध्यक्ष राजीव ठाकुर ने बताया कि यहां पर रावण का 55, कुंभकरण का 50, जबकि मेघनाद का 45 फीट ऊंचा पुतला बनाया गया है। कार्यक्रम में विवि के वाइस चांसलर बतौर मुख्यातिथि शामिल होंगे।