मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एक बयान जारी कर कहा है कि राज्य में निवेशकों को लाने के लिए हैदराबाद और बंगलूरू में रोड शो का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। निवेशकों की प्रतिक्रिया और मिजाज राज्य में निवेश के लिए सकारात्मक है। उन्होंने कहा कि सामान्य उद्योगों के अतिरिक्त हिमाचल में विशेष रूप से कृषि क्षेत्र में निवेश की बड़ी संभावनाएं हैं।
सीएम ने कहा कि आर्थिक क्षेत्र के विविधीकरण से राज्य में युवाओं को रोजगार के लिए नए अवसर मिलेंगे। सरकार युवाओं को निजी क्षेत्र में उपयुक्त रोजगार के लिए प्रशिक्षित कर रही है। भाजपा पिछले एक वर्ष के अपनी सरकार के शानदार प्रदर्शन और राज्य पर हुए विकास के आधार पर आने वाले लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी चारों सीटों पर जीत हासिल करेगी।
उच्च पर्यटक मूल्य के सिद्धांतों पर विकसित होगा पर्यटन
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल में थीम आधारित पर्यटक सर्किट को उच्च पर्यटक मूल्य (हाई टूरिस्ट वेल्यू) के सिद्धांतों पर विकसित करने का विचार कर रही है। इससे हिमाचल में आने वाले पर्यटकों को अच्छे अनुभव मिलेंगे और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने यह जानकारी एमईईएचआईटी के ओजस हिरानी और हितेश त्रिवेदी द्वारा शिमला में आयोजित पर्यटन विकास प्रस्तुति की अध्यक्षता करते हुए दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आने वाले समय में पर्यटन क्षेत्र केंद्र सरकार की ओर से आरंभ की गई स्वदेश दर्शन योजना के साथ पूर्ण परिवर्तन की ओर अग्रसर है।
राज्य की विभिन्न जलवायु परिस्थितियां, विविध संस्कृति और प्राकृतिक भव्यता के कारण प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। सरकार राज्य में स्थित कई बौद्ध मठों के मद्देनजर प्रदेश में बौद्ध सर्किट विकसित करने पर विचार कर रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य भी विभिन्न कला एवं संस्कृति का केंद्र है और इसका प्रभाव हिमाचल प्रदेश की कला और संस्कृति में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि इन सर्किटों को विविध सांस्कृतिक गंतव्यों के रूप में विकसित किया जाएगा।
ओजस हिरानी और हितेश त्रिवेदी ने बुद्ध सर्किट, सांस्कृतिक पार्क और शिव धाम के विकास पर प्रस्तुति दी। इस अवसर पर मुख्य सचिव बीके अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी, अनिल खाची, रामसुभग सिंह, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव संजय कुंडू, निदेशक भाषा एवं संस्कृति केके शर्मा भी उपस्थित थे।