सीएम जयराम ने टांडा में अधिकारियों के साथ बैठक की।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के लोगों से कोरोना महामारी के प्रति और अधिक सतर्क रहने का आह्वान किया है। क्योंकि इस बार यह वायरस अधिक प्रभावशाली और खतरनाक बनकर लौटा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कोरोना के नए स्ट्रेन का अध्ययन करने के उपरांत पाया है कि इसमें खांसी और बुखार जैसे कोई लक्षण सामने नहीं आ रहे हैं। मरीजों को जोड़ों में दर्द, शारीरिक कमजोरी, कम भूख लगने और कोविड-19 निमोनिया जैसी समस्याएं आ रही हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा के परिसर में प्रदेश में कोविड महामारी की स्थिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। कहा कि मरीजों का स्वास्थ्य बिगड़ने में अब कम समय लग रहा है और कभी-कभी कोई भी लक्षण सामने नहीं आ रहा है। इसलिए स्वयं, परिवार और समाज को खतरे में डालने से बेहतर है कि हम और अधिक सतर्क रहें। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन को उन लोगों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा, जो होम क्वारंटीन हैं। ऐसे लोगों की निगरानी करने और समाज को जागरूक करने के लिए स्थानीय पंचायती राज प्रतिनिधियों को शामिल किया जाना चाहिए।
बिना मास्क ग्राहकों न दें आने दें दुकान के अंदर
सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को बिना मास्क के घूमने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए और दुकानदार भी बिना मास्क लोगों को दुकान में न आने दें। स्वास्थ्य विभाग के सभी सुरक्षा मंत्रों को अपनाकर हम सुरक्षित रह सकते हैं, जिससे हमें आर्थिक गतिविधियों को सुचारु रखने में सहायता मिलेगी।
मरीजों में नहीं बुखार के लक्षण, फेफड़ों पर असर
इससे पूर्व सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने कहा कि कोरोना के नए स्ट्रेन के मरीजों में बुखार के कोई भी लक्षण सामने नहीं आ रहे हैं, लेकिन एक्स-रे की रिपोर्ट में निमोनिया के मामूली लक्षण सामने आ रहे हैं। इसका अर्थ है कि इस वायरस का सीधा प्रभाव फेफड़ों पर पड़ रहा है, जिससे वायरल निमोनिया के कारण मरीजों को सांस संबंधी गंभीर दिक्कतों का सामना कर पड़ रहा है। उपायुक्त चंबा डीसी राणा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला चंबा में कोविड की स्थिति की जानकारी दी। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. विपिन सिंह परमार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी, वन मंत्री राकेश पठानिया, डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति, एसपी विमुक्त रंजन, टांडा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. भानु अवस्थी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।