प्रदेश में कोरोना के कम होते मामलों के बीच शुरू हुए अनलॉक हिमाचल में अब जयराम सरकार व्यापारियों को और राहत देने पर विचार कर रही है। पांच जून को होने वाली कैबिनेट की बैठक में स्वास्थ्य विभाग कोरोना पर प्रस्तुति देगा। इस प्रस्तुति के दौरान अगर कैबिनेट को हालात सुधरते और नियंत्रित होते दिखे तो दुकानों को सुबह नौ से शाम पांच बजे तक खोलने की छूट मिल सकती है। व्यापारिक संगठन लगातार दुकानों को खोलने के लिए सरकार पर दबाव बना रहे थे।
सरकार ने सुबह नौ से दोपहर दो बजे तक दुकानें खोलने की छूट दे दी लेकिन व्यापारी टाइमिंग को बढ़ाने और बदलने की मांग कर रहे हैं। अब हिमाचल समेत देशभर में कोरोना के मामलों में काफी कमी आई है और सभी जगह अनलॉक भी शुरू हो गया है। ऐसे में अब सरकार पर भी दुकानों को ज्यादा समय तक खोलने के लिए फैसला लेने का दबाव है। सूत्रों का कहना है कि बैठक में आधी क्षमता पर बसों के संचालन और स्कूलों की दसवीं व बारहवीं की कक्षाओं व कॉलेजों को खोलने पर भी मंथन होगा।