मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 के चलते पिछले वर्ष विशेषकर पर्यटन क्षेत्र को बड़ा नुकसान पहुंचा। प्रदेश में अभी तक पर्यटकों के आवागमन पर किसी प्रकार की रोक नहीं लगाई गई है, लेकिन एसओपी में निर्धारित मानदंडों की अनुपालना सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्य पंजाब में कोरोना संक्रमण दूसरी बार तेजी से फैल रहा है, जिसके कारण प्रदेश के सीमांत जिलों विशेषकर सिरमौर, कांगड़ा, ऊना और सोलन में मामलों में वृद्धि हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश के वैज्ञानिकों ने कोरोना वैक्सीन तैयार की है, जो कारगर साबित हुई है।
अब से यह वैक्सीन 45 वर्ष और उससे ऊपर की आयु के लोगों को भी लगनी शुरू हो गई है। वैक्सीन संक्रमण से बचाव करेगी, लेकिन लोग जब भी घर से बाहर काम के लिए निकलें तो मास्क का उपयोग, सामाजिक दूरी और सैनिटाइजर का इस्तेमाल सुनिश्चित करें। कांगड़ा की फतेहपुर विधानसभा और मंडी लोकसभा सीट के उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले नगर निगम और नगर पंचायतों के चुनाव करवाने हैं, इसके बाद उपचुनाव के प्रत्याशियों पर चर्चा होगी।