मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस तरह एक-एक कर राज्यों में भाजपा की सरकारें बन रही हैं, उससे साफ है कि 2019 में मोदी के नेतृत्व में पार्टी 2014 के आंकड़े को पीछे छोड़ काफी आगे बढ़ जाएगी। जयराम ने कहा कि विरोधी 2014 के बाद से कहने लगे थे कि सिर्फ कुछ दिन ही जादू रहेगा।
लेकिन इसके बाद यूपी, उत्तराखंड के चुनाव हुए जहां बंपर जीत मिली। इसके बाद भी विरोधी टोकते रहे लेकिन एक-एक कर भाजपा सरकारें बनाती रही। सिर्फ पंजाब में किन्हीं कारणों से सरकार नहीं बनी लेकिन तब भी देश की करीब सत्तर फीसदी आबादी के लिए भाजपा की सरकारें नीति निर्माण कर रही है।
एक सीट हारने से राज्य का आंकलन करना गलत
राजस्थान और मध्य प्रदेश में उप चुनाव में मिली हार के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जीत बड़ी है तो उस जीत का जश्न मनाना चाहिए। साथ ही कहा कि एक सीट हारने से पूरे प्रदेश की राजनीतिक स्थिति तय करना सही नहीं होगा। कहा कि भाजपा 2019 में बड़ी जीत के साथ दोबारा सत्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनेगी।
अडानी ग्रुप के साथ चल रहे विवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार हड़बड़ी में किसी को लाभ देने का प्रयास कर रही थी लेकिन कर नहीं पाई। साफ किया कि वर्तमान सरकार सिर्फ वही काम करेगी जो न्यायसंगत होगा। खाद्य सुरक्षा आयुक्त की तैनाती को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नए आयुक्त की तैनाती को लेकर विचार कर रही है।
धारा 118 खत्म करने का सवाल ही नहीं
सीएम ने कहा कि धारा 118 को खत्म करने का सवाल ही नहीं उठता। कहा कि लोगों की सुविधा सरकार की प्राथमिकता है। उसे देखते हुए अगर जरूरत महसूस हुई तो इस धारा के कुछ नियमों में बदलाव किया जाएगा।
जयराम ने कहा कि 6 बार इस धारा के नियमों में बदलाव हुआ है जो कांग्रेस की सरकारों ने किया है। भाजपा की किसी भी सरकार ने कभी भी धारा 118 से छेड़छाड़ नहीं की।
सोमवार को मंत्रिमंडल की बैठक में विधानसभा में आए जाने वाले विधेयक के ड्राफ्ट पर चर्चा होगी। संशोधित स्पोर्टस बिल का मामला भी कैबिनेट की बैठक में लाया जा रहा है। इसके बाद इसे विधानसभा की सभा पटल पर रखा जाना है।
मंदिरों में सोना और चांदी के रूप में आए चढ़ावे को सिक्कों में बदलने और इन्हें श्रद्धालुओं को बेचने के लिए भी संबंधित विधेयक के संशोधित प्रारूप पर चर्चा होगी।
कैबिनेट की बैठक साढ़े 11 बजे शुरू होगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इसकी अध्यक्षता करेंगे। बजट सत्र से एक दिन पहले बुलाई गई इस बैठक को अहम माना जा रहा है।
हिमाचल विधानसभा सत्र 6 मार्च से शुरू होना है और 9 मार्च को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बजट पेश करेंगे। मंत्रिमंडल की बैठक में विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े पदों को भरने के अलावा कंडक्टर भर्ती मामले पर चर्चा होगी।
प्रदेश सरकार ने हरियाणा सरकार से चीनी खरीदने का फैसला लिया है। इस मामले को मंजूरी के लिए कैबिनेट की बैठक में लाया जा रहा है।