फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसानों के खेतों तक आधुनिक तकनीक पहुंचाएं वैज्ञानिक: जयराम ठाकुर

Mon, 07 May 2018 01:19 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, पालमपुर (कांगड़ा)
विज्ञापन
विज्ञापन

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किसानों से आह्वान किया है कि वे सदियों पुरानी पारंपरिक फसल पद्धति को अपनाएं। रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की प्रजनन क्षमता प्रभावित हुई है। यह सेहत के लिए भी ठीक नहीं है। सीएम ने कहा कि प्राकृतिक खेती के लिए सरकार ने 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

विज्ञापन


उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वदेशी नस्ल की गायों को पालने के लिए किसानों को हर संभव सहायता देगी। इसके अलावा सीएम ने वैज्ञानिकों से भी आह्वान किया कि वे आधुनिक तकनीकों को किसान के खेत तक पहुंचाएं।

किसानों की आय दोगुनी करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को साकार करना है तो कृषि वैज्ञानिकों को किसानों तक आधुनिक तकनीक पहुंचानी होगी। मुख्यमंत्री रविवार को सीएसआईआर-आईएचबीटी के पहले दौरे के दौरान संबोधित कर रहे थे।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने संस्थान की ओर से एरोमेटिक ऑयलस ऑफ हिमालयाज वेबसाइट और सबेटिकल होम का लोकार्पण भी किया। इस मौके पर सांसद शांता कुमार, स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार, खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर, शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी आदि मौजूद रहे।

किसानों के लिए बहुत कुछ करने की जरूरत: शांता

पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद शांता कुमार ने कहा कि देश विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है, लेकिन आजादी के 71 वर्षों के बाद भी किसानों के लिए अभी बहुत किए जाने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। यह संतुष्टि का विषय है।

वैज्ञानिकों की ओर से किए गए अनुसंधान का खेतों और आम आदमी तक पहुंचना अत्यंत अनिवार्य है। आईएचबीटी संस्थान पालमपुर में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुष्प उत्पादन की अपार संभावना है। इसके उचित विपणन पर बल दिया जाएगा। 

उन्होंने सरकार से संस्थान के वैज्ञानिकों की ओर से किए जाने वाले अनुसंधान को कॉरपोरेट घरानों से जोड़ने का आग्रह किया। देशी गायों की नस्ल के पालन पर बल दिया। सरकार से इस नस्ल को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और कहा कि संस्थान की स्थापना पालमपुर में 1983 में की गई थी।

संस्थान प्रदेश में समृद्ध जैव-विविधता के संरक्षण के लिए निरंतर भरसक प्रयास कर रहा है। संस्थान से उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थी जैव-संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय सेवाएं दे रहे हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश शिखर की ओर आगे बढ़ रहा है।

आईएचबीटी के निदेशक संजय कुमार ने संस्थान की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश जैव-विविधता से समृद्ध है और इसके संरक्षण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि चीन से सटी हिमाचल और देश की सीमा तक जल्द ही रेल लाइन पहुंचेगी। सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण भानुपल्ली-बिलासपुर-लेह रेलवे लाइन निर्माण जल्द होगा। सीएम ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने यह विश्वास दिलाया है। मुख्यमंत्री ने भारत-तिब्बत सहयोग मंच के बैनर तले मंडी के भ्यूली में विपाशा सदन में आयोजित भारत-चीन संबंध एवं तिब्बत मुक्ति का मार्ग कार्यक्रम में कहा कि पड़ोसी ऐसा होना चाहिए जो सुख-दुख में साथी हो।

लेकिन, चीन की नीयत दुनिया और भारत के लिए शुरू से ही अच्छी नहीं रही है। मौका मिलते ही चीन अपनी नापाक हरकतों पर उतर आता है। कुछ वर्ष पहले पारच्छू झील में विस्फोट कर चीन ने जानबूझ कर हिमाचल में तबाही मचाई थी। सतलुज नदी में आई बाढ़ कोई प्राकृतिक आपदा नहीं थी बल्कि चीन की सोची समझी साजिश थी।  

उन्होंने कहा कि भानुपल्ली-बिलासपुर-लेह रेलवे लाइन पर्यटन से अधिक देश की सुरक्षा के लिए अहम है। इसके लिए केंद्र सरकार भी गंभीर है। उन्होंने मंच के 20वें वर्ष में प्रवेश के इस अवसर पर फोटो भी जारी किया और तिब्बत की आजादी के लिए हस्ताक्षर अभियान का आगाज किया। हस्ताक्षर अभियान के तहत देश भर में हजारों लोग तिब्बत की आजादी के लिए हस्ताक्षर करेंगे। इसके बाद करोड़ों हस्ताक्षरों को देश के राष्ट्रपति को मंच के माध्यम से सौंपा जाएगा।  

दलाईलामा ने कहा - आप हमारे सीएम हो 
सीएम ने कहा कि गत दिनों महामहिम दलाईलामा से मिलने गए तो उन्होंने कहा कि मैं यह कह सकता हूं कि आप मेरे मुख्यमंत्री हो। तिब्बती नागरिकों के लिए भारत दूसरी मातृभूमि है। 1959 में जब चीन ने अपने मंसूबे जाहिर किए तो महामहिम ने हिमाचल को रहने के लिए चुना। इसके साथ ही उन्होंने आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार के साथ बिताए पलों को भी याद किया। उनके मार्गदर्शन के लिए आभार जताया है।  

विधायक राकेश को सांसद बोल गए सीएम 
अपने संबोधन के दौरान सीएम जयराम ठाकुर मंच पर आसीन अतिथियों के नाम ले रहे थे। इसी दौरान वह विधायक राकेश जम्वाल को सांसद बोल गए। गलती का अहसास होते ही तुरंत उन्होंने अपने संबोधन में सुधार किया। भाषण के अंत में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मंच के माध्यम से तिब्बत की हर संभव सहायता करेगी।

तिब्बती नस्ल खत्म करने पर तुला चीन: इंद्रेश

आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक और भारत-तिब्बत सहयोग मंच के राष्ट्रीय सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा कि चीन तिब्बत की नस्ल को खत्म करने पर तुला है। तिब्बत के महिला और पुरुषों पर मानसिक दबाव बनाकर चीनी नागरिकों से शादी करने के लिए विवश किया जा रहा है, ताकि तिब्बत की आजादी के लिए संघर्षरत तिब्बतियों की नस्ल ही खत्म हो जाए।

उन्होंने यूएनओ की सदस्यता पर कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पंडित नेहरू ने देश का हक सुरक्षा परिषद की सदस्यता चीन को सौंप दी थी। चीन को पंडितजी ने समर्थन नहीं, बल्कि देश का हक दिया था। अब जब भारत को सदस्यता के लिए मौका मिला और और अन्य देशों ने समर्थन दिया तो चीन सबसे आगे विरोध में खड़ा हो गया। अब हम सुरक्षा परिषद की सदस्यता की मांग नहीं करेंगे। 80 से अधिक देश हमारी सदस्यता के समर्थन में हैं। 

मंडी के भ्यूली स्थित ब्यास सदन में रविवार को भारत-तिब्बत सहयोग मंच की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के अंतिम दिन  इंद्रेश कुमार ने कहा कि लिटिल वार के नाम पर बिना हथियारों के चीन ने दोकलाम में अपने सैनिक भेजे। यह सैनिक इस तरह से प्रशिक्षित थे कि एक बीस जवानों पर भारी पड़े। इन चीनी सैनिकों ने जब भारतीय सीमा में घुसने का प्रयास किया तो हमारे सैनिकों से उन्हें मुंह की खानी पड़ी।

उनके 20 ट्रेंड सैनिकों पर हमारे चार जवान भी भारी पड़े। उन्होंने कहा कि हिमालय से निकल रही नदियों के पानी पर चीन की टेढ़ी नजर है। इन नदियों से 23 देशों को पानी मिल रहा है। इन देशों को एकजुट कर भारत ने चीन की हर हिमाकत को रोका है। यदि अब चीन हिमालय के ऊपर से हम पर हमला करेगा तो हम भी हिमालय में सुरंगें बनाकर उसकी सीमा में घुस कर जवाब देंगे। 

 कांग्रेस ने 50 वर्ष लूटा, हमें 20 वर्ष देश बनाने का मौका दो
इंद्रेश कुमार ने कहा कि कांग्रेस ने 50 वर्ष तक देश को लूटा है। भाजपा को कम से कम 20 वर्ष तक देश को बनाने का मौका दो। अत्याचार से मुक्ति दिलाने को भगवान श्रीकृष्ण ने आर्थिक नीति से मामा कंस को पहली मात देकर गोकुल से मथुरा में बिकने वाले मक्खन और दूध-दही पर रोक लगाई थी। इसी तरह चीन के उत्पादों का बहिष्कार कर चीन को कमजोर करेंगे और सरकार कूटनीति से चीन को सबक सिखाएगी।

शहीद होने वाला जवान देशप्रेम में जिंदगी कुर्बान कर देता है। हमें इन शहीदों को रोज नमन करना चाहिए। लेह में शून्य डिग्री से कम तापमान में हमारा सैनिक चीन की गोली का सामना कर रहा है तो जैसलमेर में 50 डिग्री से ऊपर के तापमान में पाकिस्तानी गोली का सामना हमारे जवान हंसकर कर रहे हैं।
विज्ञापन

सीएम एक्शन लेने के बजाय नाटी डालने में मस्त: मुकेश

कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर प्रदेश में खराब होती कानून व्यवस्था और गोलीकांड में एक अधिकारी की मृत्यु पर एक्शन लेने के स्थान पर नाटी डाल रहे हैं।

सरकार का रिपोर्ट कार्ड यह है कि 100 दिन में 100 घटनाएं दहला देने वाली हुई हैं। इनमें 75 रेप और 25 हत्याएं शामिल हैं। प्रेस बयान में मुकेश ने कहा कि लचर कानून व्यवस्था से प्रदेश की साख देश ही नहीं, विश्व में भी खराब हो रही है।

उन्होंने कहा कि दो बार धारा 144 लगानी पड़ी है। आए दिन शव मिल रहे हैं। पालमपुर सहित कई स्थानों पर रेप के मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री काम करने के बजाय स्वागत करवाने और जश्न मनाने में मस्त हैं। सरकार कसौली की घटना और तीन बार सुप्रीमकोर्ट की फटकार के बाद भी नहीं जागी है।

इस घटना पर भी तबादलों से ही पर्दा डालने का प्रयास हुआ। मुकेश ने कहा कि अवैध निर्माण किसी भी सरकार में हुए हों, वह गलत है। इस पर निरंतर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व में सिर्फ कांग्रेस सरकार ही नहीं, भाजपा सरकार भी सत्ता में रही है।

ऐसे में कांग्रेस पर दोष लगाने से पहले मुख्यमंत्री ये सोच लें कि क्या वे ये प्रमाण पत्र दे सकते हैं कि भाजपा सरकार में कोई अवैध निर्माण नहीं हुआ। मुकेश ने कहा कि कांग्रेस के तबादलों के आरोप की भाजपा के ही बड़े नेता पुष्टि कर रहे हैं।

वहीं, जयराम सरकार के शिक्षामंत्री कह रहे हैं कि मैं काम कब करूं। मुझे तबादलों से ही फुर्सत नहीं है। तबादलों के लिए मंत्रियों में आपसी भिड़ंत हो रही है। हजारों की तादाद में राजनीतिक तबादले हो रहे हैं। मुख्यमंत्री इसका अनुमान कोर्ट से जारी हो रहे स्टे ऑर्डर से लगा सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें