मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद जयराम ठाकुर पहली बार प्रदेश के दौरे पर निकलेंगे। सीएम दो दिवसीय दौरे की शुरुआत केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के जिले बिलासपुर से करेंगे। बिलासपुर के बाद अपने गृहजनपद मंडी का प्रवास करेंगे। इस दौरान वह शिमला और सोलन जिले के कई क्षेत्रों में भाजपा मंडल कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
4 जनवरी को सुबह 10 बजे शिमला पहुंच जाएंगे। इसी दिन मंत्रिमंडल की बैठक होगी। मुख्यमंत्री जयराम नववर्ष पर राजधानी शिमला में रहेंगे। इस दौरान उनकी मुख्य सचिव विनीत चौधरी समेत आला अधिकारियों के साथ कैबिनेट में लाए जाने वाले एजेंडों को लेकर बैठक होगी।
मुख्यमंत्री सोमवार को दूसरा बड़ा प्रशासनिक फेरबदल भी कर सकते हैं। राजधानी के कुछ क्षेत्रों के निरीक्षण पर भी मुख्यमंत्री जा सकते हैं। मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री प्रदेश के दौरे पर निकलेंगे। सुबह दस बजे शिमला से वह शिमला ग्रामीण के घणाहट्टी पहुंचेंगे। वहां स्वागत समारोह के बाद सोलन जिला के गेलोग जाएंगे।
वहीं से नम्होल और नौणी होते हुए शाम को बिलासपुर जिला मुख्यालय पहुंचेंगे। उनका रात्रि प्रवास बिलासपुर रहेगा। अगले दिन वह सलापड़ होते हुए सुंदरनगर और मंडी जिला मुख्यालय पहुंचेंगे। रात्रि प्रवास मंडी में करने के बाद अगले दिन सुबह शिमला लौटेंगे।