मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नई दिल्ली में केंद्रीय पेट्रोलियम, कौशल विकास तथा उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भेंट की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री के साथ प्रदेश में कौशल विकास एवं युवा सशक्तीकरण से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। यह भेंट बुधवार शाम को हुई।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से वर्तमान वित्त वर्ष के बजट में कौशल विकास भत्ता योजना में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है और प्रदेश सरकार युवाओं के कौशल उन्नयन के साथ-साथ उन्हें स्वरोजगार के लिए भी प्रोत्साहित कर रही है।
सीएम जयराम ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य सरकार की ओर से महिलाओं को सशक्त बनाने एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना आरंभ की गई है।
उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत गैस सिलेंडर और गैस चूल्हा उपलब्ध करवाने के लिए 3500 रुपये का पैकेज प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश देश का ऐसा पहला राज्य बन जाएगा, जहां हर घर में धुआं रहित रसोई घर होगा। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती भी इस अवसर पर उपस्थित थे।