मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों के दौरान होने वाली घोषणाओं को अब अफसरों को तय मियाद में ही लागू करना होगा। घोषणाओं को लेकर अफसरों की नाफरमानी को देखते हुए सरकार ने अब सख्त रुख अपनाने की तैयारी कर ली है। अब मुख्यमंत्री की हर घोषणा को लागू करने के लिए मियाद तय की जाएगी। इसके भीतर ही अफसरों को उसे अमलीजामा पहनाना होगा।
पिछली कई घोषणाओं के महीनों तक लागू न होने से नाराज मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव यह कवायद शुरू करने जा रहे हैं। दरअसल, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पिछले महीने जनमंच और मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा बैठक ली थी। इसमें भी मुख्यमंत्री ने अपनी घोषणाओं के प्रति अफसरों की गंभीरता न होने पर खासी नाराजगी जताई।
निर्देश दिए थे कि वे प्राथमिकता के आधार पर उनके कार्यालय से आने वाली ई मेल, शिकायती पत्र और घोषणाओं पर कार्रवाई करें, लेकिन मुख्यमंत्री की नाराजगी के बावजूद शासन में बैठे अफसरों के कानों में जूं तक नहीं रेंगी। नतीजतन, अब अपनी घोषणाओं के जमीन पर न उतरने से नाराज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सख्त रवैया अपनाने जा रहे हैं।
इसके तहत उनकी घोषणाओं को लागू करने के लिए समयबद्ध किया जाएगा। अगर उस मियाद में घोषणा पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई हो तो अफसर से जवाबतलब किया जा सके। इस क्रम में अगले हफ्ते पहले मुख्य सचिव विनीत चौधरी और फिर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अफसरों की क्लास लेंगे। इस दौरान घोषणाओं की समीक्षा होगी और उसके बाद हर घोषणा लागू करने की नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।