जिस कार्यकर्ता को भाग्य और पार्टी का साथ मिलेगा, वही व्यक्ति धर्मशाला विधानसभा से उपचुनाव में भाजपा की ओर से प्रत्याशी होगा। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने धर्मशाला में कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अक्तूबर माह में चुनाव हो सकते हैं।
जैसे ही आचार संहिता लगने की घोषणा होगी, भाजपा अपने प्रत्याशी का नाम घोषित कर देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को और मजबूत बनाने के लिए धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से उन्हें सशक्त साथी विधायक की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार से लोकसभा चुनावों में कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र से किशन कपूर को 72 प्रतिशत वोटों से विजयी बनाकर दिल्ली भेजा है, आगामी विधानसभा के उपचुनाव में भी जनता भाजपा समर्थित विधायक चुन कर भेजे।
उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में वह स्वयं विकास करवा रहे हैं। अगर जनता धर्मशाला से भाजपा समर्थित विधायक चुन कर भेजती है तो यहां के विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।