मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के थुनाग में 240 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले उद्यानिकी और वानिकी महाविद्यालय थुनाग के परिसर का शिलान्यास किया। वहीं, प्राथमिक पाठशाला झुड को स्तरोन्नत करने और झुड में पशु औषधालय खोलने की घोषणा भी की। सीएम ने कहा कि 52 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में इस महाविद्यालय परिसर का निर्माण किया जाएगा और इसमें प्रशासनिक खंड, पुस्तकालय भवन, खेल मैदान, व्यायामशाला, सभागार, शॉपिंग सेंटर, स्वास्थ्य केंद्र, छात्रों और छात्राओं के लिए अलग छात्रावास और एक पीजी छात्रावास की सुविधा होगी।
महाविद्यालय में आठ प्रशासनिक खंड होंगे, जिसमें चार उद्यानिकी महाविद्यालय, चार वानिकी महाविद्यालय और अन्य संबंधित अधोसंरचना के लिए होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रथम चरण में छात्रों और छात्राओं के लिए दो छात्रावास, एक प्रशासनिक खंड और एक शैक्षणिक खंड का निर्माण किया जाएगा। ठाकुर ने कहा कि यह महाविद्यालय क्षेत्र में बागवानी विकास को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री को कुलपति की ओर से कॉफी टेबल बुक भेंट की गई। इस मौके पर विश्वविद्यालय नौणी सोलन के कुलपति डॉ. परविंद्र कौशल मौजूद रहे।