हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने एमबीए में प्रवेश के लिए राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में 17 और 18 जुलाई को हुई काउंसलिंग के पहले राउंड का परिणाम घोषित कर दिया है।
जिन छात्रों ने काउंसंलिंग में भाग लिया था, वे तकनीकी विश्वविद्यालय की वेबसाइट और धर्मशाला महाविद्यालय के एमबीए विभाग के सूचना बोर्ड से परिणाम की जानकारी ले सकते हैं।
एमबीए काउंसलिंग की अध्यक्ष एवं धर्मशाला कॉलेज की उप प्राचार्य बंदना भडवार ने बताया कि काउंसलिंग के जिन कॉलेजों के लिए विद्यार्थियों का चयन हुआ है, वे संबंधित कॉलेजों में 23 जुलाई तक फीस जमा करवा सकते हैं।
28 जुलाई से होगी दूसरे दौर की काउंसलिंग
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर के डीन मैनेजमेंट डा. एनएन शर्मा ने बताया कि टेक्निकल यूनिवर्सिटी के तहत दूसरे राउंड की काउंसलिंग 28 जुलाई से धर्मशाला महाविद्यालय में होगी।
हिमाचल मैट अथवा सी मैट में भाग लेने वाले इच्छुक पात्र अभ्यर्थी समस्त दस्तावेजों के साथ काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं। विवि ने उन विद्यार्थियों को भी मौका दिया है, जिन्होंने विश्वविद्यालय में पहले से आवेदन न किया या फिर नहीं कर सके हों। ये धर्मशाला में 28 को होने वाली काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं।