परिवहन एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री जीएस बाली ने बताया कि सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन ने हिमाचल में न्यूनतम दरों पर स्टील तथा सरिया, टायर और तेल का कारोबार शुरू करने के लिए गोदाम खोलने का फैसला लिया है। इन गोदामों में उपभोक्ताओं को उच्चतम क्वॉलिटी का सरिया तथा टायर बाजार दरों से सस्ते दामों पर मिलेगा।
अगर यह फैसला लागू होता है तो हिमाचल के लोगों को घर बनाने के लिए सस्ती दरों पर स्टील और सरिया मिलेगा। बाली ने कहा सिविल सप्लाई कारपोरेशन कर्मचारियों को पांच फीसदी अंतरिम राहत भता देने का फैसला लिया गया है। बाली ने कहा कि सिविल सप्लाई कारपोरेशन में 10 नए ट्रक खरीदने और पांच नए पेट्रोल पंप खोलने का फैसला लिया है।
इनमें दो पेट्रोल पंप नगरोटा, कांगड़ा और एक खड़ा पत्थर में खोला जाएगा। उन्होंने इसी बर्ष के अंत तक सभी राशन कार्ड धारकों को डिजिटल राशन कार्ड मुहैया करवा दिए जाएंगे। अक्टूबर महीने से हर राशन कार्ड उपभोक्ता को तीन दालें मिलेंगी। बाली ने कहा कि अगले वर्ष से हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज में चार कार्सों के लिए दाखिला शुरू हो जाएगा। इस प्रोजेक्ट के तहत 140 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नगरोटा बगवां में फार्मेसी कॉलेज के लिए 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
हर जिले में निजी ड्राइविंग स्कूल
कांगड़ा जिला के डमटाल व खोली में दो ट्रांसपोर्ट नगर विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही प्रदेश के हर जिले में निजी क्षेत्र में ड्राइविंग स्कूल खोलने का फैसला लिया है। निजी ड्राइविंग स्कूल के संचालक को सरकार एक करोड़ रूपए की सबसिडी भी देगी। यहां पर ट्रेनिंग उपरांत ड्राइविंग लाइसेंस देने का प्रावधान भी होगा। भारत सरकार की रोड सेफ्टी की बैठक में एनएच के साथ प्रतिष्टित अस्पतालों द्वारा सरकार के सहयोग से ट्रामा सेंटर खोलने पर भी चर्चा हुई है।