श्रम कानूनों को लागू करने का आग्रह, हर साल बोनस देने की भी उठाई मांग
विज्ञापन
मांगें पूरी न होने पर 12 फरवरी को काम बंद का ऐलान अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। विशाल मेगामार्ट वर्कर्स यूनियन संबंधित सीटू ने श्रम कानूनाें को सख्ती से लागू करने और इसका लाभ वर्कर्स को देने की मांग को लेकर वीरवार को विशाल मेगा मार्ट छोटा शिमला स्टोर के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में स्टोर के सभी कर्मचारियों ने भाग लिया और वेतन 25 फीसदी तक बढ़ाने और हर साल बोनस देने की मांग की गई।
प्रदर्शन के बाद यूनियन के पदाधिकारियों ने प्रबंधन को मांगपत्र सौंपा जिसमें उठाई गई मांगों को पूरा करने का आग्रह किया। स्टोर प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर विचार कर जल्द निर्णय लिया जाएगा। सीटू के प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने कहा कि अगर मांगों का समाधान न हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। यूनियन ने एलान किया कि यदि मांगें पूरी न की गईं तो 12 फरवरी को विशाल मेगामार्ट के मजदूर हड़ताल कर कार्य पूरी तरह बंद रखेंगे। प्रदर्शन के दौरान हुई सभा को सीटू जिला सचिव विवेक कश्यप, रामप्रकाश, मेगामार्ट यूनियन के अध्यक्ष प्रेम कुमार,महासचिव हनी बैंस और राकेश रवि ने संबोधित किया। उन्होंने प्रबंधन से हाउस कीपिंग सहित कार्यरत सभी मजदूरों को एक अप्रैल 2026 से वेतन में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने, वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नत करने, हर महीने सैलरी स्लिप देेने की मांग की। इसके अलावा जिन मजदूरों के ईपीएफ में त्रुटियां हैं उन्हें तुरंत ठीक करें, मजदूरों को श्रम विभाग द्वारा सत्यापित आई कार्ड देने, बोनस, दिवाली के अतिरिक्त कार्य का डबल भुगतान करने, ईएल, सीएल और मेडिकल छुट्टियां देने की मांग भी की गई। मजदूरों का हाउस रेंट में दर्शाया पैसा मूल वेतन में जोड़ने, रेस्ट रूम की व्यवस्था करने, खाना गरम करने के लिए सुविधा मुहैया करवाने की मांगें उठाई गईं।