सर्कुलर रोड के पास निर्माणाधीन डंगे पर सड़क के ऊपर से मलबा गिर गया है। बताया जा रहा है कि यहां लगातार पानी की लीकेज हो रही है। इससे रविवार को घंटों डंगे का काम ठप रहा। मलबा गिरने के कारण सड़क तंग हो गई है।
सड़क इसी तरह दरकती रही तो पैदल आवाजाही के लिए भी इसे बंद करना पड़ सकता है। पैदल चलने वाला रास्ता तंग हो गया है। यदि फिर भारी बारिश होती है तो लिफ्ट- हाईकोर्ट सड़क को भी नुकसान पहुंच सकता है।
क्षतिग्रस्त सड़क के नीचे पक्का डंगा लगाने का काम शुरू हो गया है लेकिन बारिश के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है।
शनिवार रात निर्माणाधीन डंगे के ऊपर भूस्खलन होने के कारण कार्य बाधित हो गया।
डंगे की नींव में लगाई गई लोहे की प्लेटें मलबे में दब गई। पैदल रास्ते के किनारे लोगों की सुरक्षा के लिए लगाई गईं लोहे की चादरें भी मलबे के साथ गिर गईं। रविवार को दोपहर करीब दो बजे तक नींव पर से मिट्टी हटाने का काम चलता रहा।
दो मशीनों और करीब 40 से 50 श्रमिकों ने नींव पर से मलबा हटाया। इसके बाद डंगे का काम शुरू हो पाया। भूस्खलन के कारण डंगे के ऊपर पैदल रास्ता भी संकरा हो गया है। भूस्खलन होता है तो पैदल मार्ग पूरी तरह बंद भी हो सकता है। इतना ही नहीं लिफ्ट से हाई कोर्ट की ओर जाने वाली सड़क के क्षतिग्रस्त होने का भी अंदेशा है।