पुलिस ने सूचना के आधार पर कमरे में दी दबिश, वजन मापने की मशीन भी मिली, केस दर्जकर शुरू की जांच
तीनों आरोपी ननखड़ी क्षेत्र के रहने वाले
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पुलिस ने ढली क्षेत्र में कमरे में दबिश देकर तीन युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
आरोपियों की पहचान सौरभ, पंकज कुमार और विक्रांत, निवासी ननखड़ी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार 21 जून को ढली थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि विकास कॉलोनी ढली के एक किराये के कमरे में कुछ युवक मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त हैं। पुलिस ने कमरे में दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरे से करीब 6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से एक डिजिटल वजन मापने की मशीन और एक सिरिंज भी बरामद की गई है।
पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ ढली थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। तीनों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चिट्टा कहां से खरीदा गया था। शिमला पुलिस ने इस वर्ष नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए 275 से अधिक आरोपियों को एनडीपीएस मामलों में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कई अंतरराज्यीय चिट्टा तस्करी गिरोहों का भी भंडाफोड़ किया है।