कांगड़ा एयरपोर्ट के बाहर चीनी महिला के बैग में संदिग्ध खतरनाक सामान की सूचना से हड़कंप मच गया। एक टैक्सी चालक चीनी महिला को थाने ले आया और बैग की तलाशी ली गई लेकिन उसमें कुछ नहीं निकला। चीनी महिला बौद्ध धर्म की जिज्ञासा लेकर करमापा से मिलने धर्मशाला पहुंची थी। लेकिन, करमापा धर्मशाला में नहीं थे। ऐसे में महिला शनिवार को कांगड़ा एयरपोर्ट से वापस जा रही थी।
लेकिन, अचानक महिला ने एयरपोर्ट पर अपनी एयर टिकट कैंसिल करवा दी और दोपहर करीब दो बजे एयरपोर्ट से बाहर निकलकर टैक्सी ली। महिला ने टैक्सी चालक से कहा कि उसके बैग में कोई संदिग्ध खतरनाक चीज है। वह अपने बैग को कहीं खाली जगह पर फेंकना चाहती है। गगल टैक्सी स्टैंड का चालक घबरा गया और वह टैक्सी को धर्मशाला थाने ले आया। यहां पहुंचकर उसने पुलिस को सारी बात बताई। पुलिस ने महिला से पूछताछ की।