जैसे ही बस नीचे गिरी तो रणबीर पुत्र सुरेश कुमार पहले ही बाहर गिर गया। उसके साथ चौथी कक्षा में पढ़ने वाली ठेहड़ गांव की अवनी भी बाहर गिरी। बाहर गिरने के बाद रणबीर ने अवनी को देखा, लेकिन पहाड़ी होने के कारण अवनी नीचे फिसल रही थी।
रणबीर ने उसे झाड़ियां पकड़कर बैठने को कहा। उसके बाद रणबीर लगभग 50 फीट की सीधी पहाड़ी चढ़कर सड़क तक पहुंचा। तभी वहां से रणबीर के गांव हार गतला का एक बाइक सवार वहां से गुजर रहा था।
जिसे उसने सूचना दी। बाइक सवार बच्चे को 500 मीटर दूर एक दुकान में ले गया और वहां से दुकानदार के माध्यम से हादसे की सूचना प्रशासन को दी। उसके बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
सात साल के निशांत कुमार का सोमवार को स्कूल में पहला दिन था। हादसे के दौरान बस में निशांत की दो बहनें भी सवार थीं। तीन भाई-बहन हादसे में घायल हुए हैं। बस में निशांत की बहन वंशिका भी थी, जो सातवीं कक्षा में पढ़ती है।
इसके अलावा एक बड़ी बहन शिवानी थी जो नौवीं कक्षा में पढ़ाई करती हैं। तीनों बच्चों की माता संजना ने कहा कि उनकी दो बेटियां पठानकोट अस्पताल में उपचाराधीन हैं, जबकि निशांत का नूरपुर में इलाज चल रहा है।
मुनीष का था स्कूल का दूसरा दिन
चेली हादसे में घायल मुनीष कुमार एलकेजी का छात्र है। सोमवार को स्कूल में उसका दूसरा दिन था। मुनीष का नूरपुर में उपचार चल रहा है। मुनीष की माता निशा देवी ने बताया कि भगवान का शुक्र है, उनका लाल बच गया, लेकिन हादसे में कई परिवार उजड़ गए हैं। इसके अलावा ठेहड़ गांव की कनिका भी हादसे में घायल हुई है, जो छठी कक्षा में पढ़ती है।