डॉ. श्रीकांत बाल्दी
- फोटो : अमर उजाला
मुख्य सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी ने कहा कि सात और आठ नवंबर को धर्मशाला में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर मीट में विभिन्न देशों के 20 से 25 राजदूतों के आने की संभावना है। उन्होंने आयोजन समिति की बैठक की अध्यक्षता की।
केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री को भी आमंत्रित किया गया है। इन्वेस्टर मीट के सफल आयोजन के लिए नौ समितियां गठित की गई हैं। आठ सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें मंत्री, सचिव और अन्य व्यक्ति अपने अनुभव साझा करेंगे। पहले दिन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
मुख्य सचिव ने ग्लोबल इन्वेस्टर मीट की सफलता के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए। कहा कि करीब 2000 लोगों के आने की संभावना है। इनके ठहरने और परिवहन के उचित प्रबंध सुनिश्चित बनाए जाएं।
उन्होंने निवेशकों और अन्य अतिथियों की परिवहन व्यवस्था के लिए किसी पार्टनर को जिम्मा सौंपने के भी निर्देश दिए। इस समारोह के लिए हेल्पलाइन नंबर भी स्थापित किया जाएगा। इसमें ठहरने, परिवहन और समारोह से संबंधित अन्य जानकारी के लिए संपर्क किया जा सकेगा।
मुख्य सचिव ने कहा कि इन्वेस्टर मीट के लिए 1600 से अधिक आमंत्रण पत्र भेजे गए हैं। सरकारी अतिथि गृहों के अतिरिक्त अति विशिष्ठ तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों के लिए धर्मशाला, पालमपुर तथा कांगड़ा में कमरे आरक्षित किए जाएंगे।
मुख्य सचिव ने कहा कि आयोजक समिति की अगली बैठक 16 अक्तूबर को धर्मशाला में होगी। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव रामसुभग सिंह, मनोज कुमार और प्रधान सचिव सूचना एवं जन संपर्क विभाग संजय कुुुंडू उपस्थित रहे।