भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त अचल कुमार ज्योति आयोग के अन्य सदस्यों के साथ रविवार को शिमला पहुंच रहे हैं। दो दिवसीय दौरे के दौरान वह मुख्य सचिव के अलावा शासन के अन्य अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
साथ ही सभी जिलों के डीसी और एसपी के साथ बैठक कर तैयारियों पर अपडेट लेंगे। आयोग के सभी सदस्यों के आने के चलते इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि अगर बैठक में तैयारियां संतोषजनक मिली तो आयोग अक्तूबर के पहले हफ्ते में आयोग चुनाव की तिथि घोषित कर सकता है।
रविवार और सोमवार को होने वाली बैठकों के दौरान आयोग के अन्य सदस्यों में निर्वाचन आयुक्त ओम प्रकाश रावत तथा सुनील अरोड़ा, उपनिर्वाचन आयुक्त उमेश सिन्हा, संदीप सक्सेना तथा सुदीप जैन, महानिदेशक दिलीप शर्मा तथा धीरेंद्र ओझा, भारत निर्वाचन आयोग के सचिव राहुल शर्मा तथा सलाहकार विपिन कटारा भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त के साथ होंगे।
इस दौरान उप निर्वाचन आयुक्त संदीप सक्सेना उपायुक्तों तथा पुलिस अधीक्षकों के साथ 24 सितंबर को सुबह 9.30 बजे तथा नोडल अधिकारियाें के साथ दोपहर 12 बजे पीटर हॉफ शिमला में बैठकों की अध्यक्षता करेंगे।
विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी 24 सितंबर को शाम 5:30 बजे आयोग के समक्ष चुनावों की तैयारियों पर पावर प्वाइंट प्रस्तुतियां देंगे। इसी दिन आयोग शाम साढ़े छह बजे विभिन्न राजनैतिक दलों के साथ बैठक करेगा। इसके बाद आयोगs की ओर से मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पुलिस नोडल अधिकारी तथा सीएपीएफ नोडल अधिकारियों के साथ बैठक करवाई जाएगी।
25 को डीसी और एसपी के साथ समीक्षा बैठक
वहीं, 25 सितंबर को राज्य के सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों, मंडलीय आयुक्तों सहित पुलिस अधिकारियों तथा सीएपीएफ नोडल अधिकारियों के साथ चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करेगा।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुबह साढ़े नौ बजे आयोग द्वारा उठाए गए कदमों व चुनाव को लेकर अन्य तैयारियों से अवगत करवाएंगे। इसके बाद आयोग अपना संबोधन देगा तथा इसके बाद उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक अपनी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोग द्वारा प्रदेश के उच्चाधिकारियों के साथ दोपहर बाद 3:15 बजे बैठक होगी।