एचआरटीसी प्रबंधन नाइट बस सर्विस में पांच घंटे की कटौती करने जा रहा है। शहर में एचआरटीसी की ओर से शुरू की नाइट बसें अब रात को 11 बजे तक और सुबह 4 बजे से चलेंगी।
नाइट बस सर्विस के ट्रायल के दौरान रात 11 बजे से सुबह 4 बजे के बीच बसों को यात्री न मिलने से यह फैसला लिया है। क्षतिग्रस्त सर्कुलर रोड की बहाली पर बसों का संचालन निर्भर करेगा।
होली के मौके पर एचआरटीसी की ओर से शहर में शुरू की नाइट बस सर्विस के समय में प्रबंधन ने कटौती का फैसला लिया है। होली पर एचआरटीसी प्रबंधन ने पंद्रह दिन के ट्रायल पर शहर में पूरी रात के लिए नाइट बस सर्विस शुरू की थी।
सवारियां न मिलने से लिया फैसला
ट्रायल के दौरान देर रात एचआरटीसी बसों को लोकल रूटों पर सवारियां नहीं मिली। कई बार तो बसें शहर की सड़कों पर खाली ही दौड़ती रहीं। एचआरटीसी शिमला लोकल के क्षेत्रीय प्रबंधक देवासेन नेगी ने बताया कि शहर के लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लोकल रूटों पर पूरी रात के लिए नाइट बस सर्विस शुरू की गई थी।
रात 11 से सुबह 4 बजे के बीच बसों को रिस्पांस नहीं मिला है। लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सर्विस को रि-शेड्यूल किया जा रहा है। एचआरटीसी प्रबंध निदेशक आरएन बत्ता का कहना है कि नाइट बस सर्विस रात 11 बजे तक चलेगी। सुबह बसें 4 बजे से रूटों पर चलना शुरू हो जाएंगी। ट्रायल के दौरान रात 11 बजे से सुबह 4 बजे के बीच बसों को यात्री नहीं मिले हैं।