सलूणी बाजार में मोबाइल की दुकान में आग लगने से पांच लाख की संपत्ति राख हो गई। दमकल विभाग की टीम ने समय रहते आग को अन्य दुकानों में फैलने से रोक लिया। स्थानीय लोगों ने भी टीम की पूरी सहायता की। दुकान में आग लगने के कारणों का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जय कुमार पुत्र पान चंद निवासी गांव धार डाकघर सिंग्गाधार रोजाना की तरह शाम को अपनी दुकान को बंद करके घर चला गया। रात के समय अचानक दुकान में आग भड़क उठी। दुकान में लगी आग को देख आसपास के लोगों ने तुरंत फायर चौकी में इसकी सूचना दी। टीम ने दुकान में लगी आग को बुझाया और दो लाख की संपत्ति को राख होने से बचा लिया।
इस तरह एक बड़ी घटना होने से बच गई। हालांकि मोबाइल की दुकान में आग लगने से पांच लाख का नुकसान हुआ। प्रशासन ने राजस्व विभाग की टीम को रिपोर्ट बनाने के लिए घटनास्थल पर भेजा। डीएसपी सलूणी राम करण राणा ने बताया कि मोबाइल की दुकान में आग लगने की घटना सामने आई है। पुलिस आग लगने के कारणों की छानबीन कर रही है।