महिला आयोग अध्यक्ष को सौंपे मांग पत्र में राज्य सचिव फालमा चौहान,राज्य कोषाध्यक्ष सोनिया शब्रवाल और जिला सचिव रमा रावत ने कहा कि युवती ने चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र से विधायक हंस राज सिंह को लेकर सोशल मीडिया पर डाली वीडियो में कई संगीन आरोप लगाए हैं। इसकी निष्पक्षता से जांच की जानी चाहिए और यदि विधायक दोषी है, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। वीडियो के वायरल होने के बाद जिस तरह की शब्दावली भाजपा के विधायक इस्तेमाल कर रहे हैं वह भी आपत्तिजनक है। वह कह रहे हैं कि यह लड़की नशा करके बात कर रही है। युवती पहले भी विधायक के ऊपर संगीन आरोप लगा चुकी है, लेकिन उस समय भी सरकार की ओर से कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। युवती का कहना है कि उसे पहले भी न्याय नहीं मिला। वह अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग कर रही है। महिला समिति की इन पदाधिकारियों का कहना है कि विधायक हिंदू मुस्लिम शब्दों का इस्तेमाल करके सांप्रदायिकता फैलाने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि यदि जांच में आरोप सच साबित होते हैं, तो विधायक की विधानसभा से सदस्यता को भी रद्द किया जाए।