पत्रकारिता विषय की पीएचडी प्रवेश परीक्षा में वर्ष 2017 के प्रश्न पत्र के सवाल दोहराने का मामला उजागर होने के बाद सीयू प्रबंधन कार्रवाई करने की बजाय लिखित शिकायत का इंतजार कर रहा है। जिससे केंद्रीय विवि की परीक्षा नियंत्रक कार्यालय की कार्य प्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। उधर, परीक्षार्थियों का आरोप है कि सीयू की पेपर सेटिंग टीम ने 50 नहीं, बल्कि 57 प्रश्न वर्ष 2017 में हुई पीएचडी की प्रवेश परीक्षा से डाले थे।
वहीं, सीयू प्रशासन इसको लेकर अभी तक कोई भी कार्रवाई करने की गुरेज कर रहा है। प्रशासन की ओर से लिखित शिकायत आने के बाद कार्रवाई करने का हवाला दिया जा रहा है। केंद्रीय विवि के स्कूल ऑफ जर्नलिज्म के दो विभागों नौ प्राध्यापक हैं, जो हर महीने लाखों रुपये वेतन लेते हैं।
सीयू प्रशासन की लापरवाही को देखते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सीयू में परीक्षा नियंत्रक का घेराव करने का निर्णय लिया है। एबीवीपी के प्रदेश सचिव राहुल राणा ने कहा कि शोध कार्य की परीक्षा में इस तरह की गलती से स्पष्ट होता है कि प्रशासन अपनों को प्रवेश देना चाहता है। इसको लेकर एबीवीपी परीक्षा नियंत्रक का घेराव करेगी।
केंद्रीय विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि प्रश्नपत्र में गलती की मौखिक जानकारी मिली है। प्रशासन लिखित शिकायत का इंतजार कर रहा है। अगर लिखित शिकायत नहीं भी आती है, तब भी प्रशासन मामले की जांच करेगा।