हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विवि पीएचडी शोधार्थियों की शेष परीक्षाएं अब ऑनलाइन लेगा। सीयू प्रशासन ने यह फैसला शोधार्थियों का एक साल बचाने के लिए लिया है। परीक्षाओं के संदर्भ में संबंधित विभाग जल्द ही डेटशीट जारी कर देंगे। विश्वविद्यालय ऑफलाइन मोड में पीएचडी शोधार्थियों की अंतिम वर्ष की परीक्षाएं ले रहा था, लेकिन कोविड-19 के बढ़ते मामलों और यूजीसी की नई गाइडलाइन के कारण इन परीक्षाओं को ऑफलाइन करवाने पर रोक लगा दी गई है।
अभी भी कई विभागों के शोधार्थियों की कुछ विषयों की परीक्षाएं शेष रह गई हैं। शोधार्थियों का एक साल बरबाद न हो। इसके लिए सीयू प्रशासन ने विभिन्न विषयों के विभागाध्यक्षों से विचार विमर्श करने के बाद ऑनलाइन मोड में परीक्षाएं करवाने का फैसला लिया है।
सीयू प्रशासन की मानें तो शोधार्थियों की ऑनलाइन परीक्षाएं करवाने के लिए उन्हें यूनिवर्सिटी स्तर पर प्रश्नपत्र मुहैया करवाया जाएगा। छात्रों को ए-4 साइज की सीटों पर प्रश्नों के उत्तर लिखने होंगे और उनको स्कैन कर एक ही पीडीएफ बनाकर सीयू प्रशासन को उपलब्ध करवाना होगा। शोधार्थियों को प्रश्नपत्र ई-मेल के माध्यम से परीक्षा से पांच मिनट पहले मुहैया करवा दिया जाएगा। शोधार्थियों को ई-मेल के माध्यम से ही आंसरशीट की पीडीएफ भेजनी होगी। इस दौरान दो क्रेडिट के पेपर के लिए 90 मिनट, जबकि चार क्रेडिट के पेपरों लिए शोधार्थियों को तीन घंटे का समय दिया जाएगा।
केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के पीएचडी के शोधार्थियों के कुछ विषयों की परीक्षाएं शेष बची हैं। इन परीक्षाओं को ऑनलाइन करवाने के लिए संबंधित विभागाध्यक्षों ने हामी भरी है। अब शेष परीक्षाओं को ऑनलाइन मोड में करवाया जाएगा। शोधार्थियों को जल्द ही डेटशीट उपलब्ध करवा दी जाएगी।
- डॉ. सुमन शर्मा, परीक्षा नियंत्रक, सीयू।