केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर(फाइल)
- फोटो : PTI
केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने पंचायतीराज दिवस पर वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग से हिमाचल वासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अधिकारियों से प्रदेश में तीन स्थानों पर पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू हो रही टेली मेडिसिन सेवा को सफल बनाने के लिए शत-प्रतिशत योगदान देने की अपील की। कहा कि कोरोना काल में स्वास्थ्य देखभाल उद्योग वर्तमान में बड़े पैमाने पर परिवर्तनशील दौर से गुजर रहा है। टेली मेडिसिन स्वास्थ्य क्षेत्र में एक क्रांति है। पंचायतीराज दिवस पर प्रदेश सरकार की ओर से पायलट आधार पर ऊना के थानाकलां, हमीरपुर के अवाहदेवी और मंडी के थुनाग में टेली मेडिसिन सेवा की शुरुआत स्वागत योग्य कदम है।
इन टेली मेडिसिन केंद्रों से स्थानीय लोग सीधा पीजीआई चंडीगढ़ के वरिष्ठ चिकित्सकों से जुड़कर परामर्श ले सकेंगे। टेली हेल्थ, टेली एजूकेशन और टेली होम हेल्थकेयर जैसी सेवाएं स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में चमत्कारिक साबित हो रही हैं। कहा कि आज पूरी दुनिया में ब्रेस्ट कैंसर एक जानलेवा बीमारी के रूप में जड़ें फैलाता जा रहा है। ब्रेस्ट कैंसर की जांच में लगने वाला समय ही बीमारी के बढ़ने का बड़ा कारण है। इसलिए हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में एक पोर्टेबल मशीन के जरिये ब्रेस्ट कैंसर की प्रारंभिक जांच की शुरुआत की है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मांग की कि अगर हर जिले में संभव न हो तो तीनों जिलों के भीतर मेमोग्राफी का सेंटर खुलवाया जाए। साथ ही ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर में सीटी स्कैन सुविधा उपलब्ध करवाई जाए।