केंद्र सरकार ने हिमाचल को कोविड वैक्सीन की सप्लाई बंद कर दी है। कोरोना मामलों में कमी आने से कंपनियों ने वैक्सीन का उत्पादन कम कर दिया है। वहीं, हिमाचल में भी तेजी से कोरोना संक्रमण के मामले कम हो रहे हैं। अगर कोरोना के मामले बढ़ते हैं तो प्रदेश सरकार खुद वैक्सीन की खरीद करेगी।
प्रदेश सरकार ने केंद्र को वैक्सीन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने वैक्सीन उपलब्ध नहीं करवाई। हिमाचल प्रदेश में सभी पात्र लोगों को अभी तक कोरोना वैक्सीन की तीसरी डोज नहीं लग पाई है। दूसरी डोज 70 फीसदी, जबकि तीसरी डोज 10 फीसदी से ज्यादा लोगों को नहीं लगी है।
हालांकि पहली डोज में हिमाचल पूरे देशभर में पहले स्थान पर आया था, जिसको लेकर हिमाचल को सम्मानित किया गया था। स्वास्थ्य सचिव एम सुधा ने कहा कि केंद्र से अब राज्यों को कोविड की वैक्सीन नहीं दी जा रही है। जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य विभाग स्वयं वैक्सीन की खरीद करेगा।
स्वास्थ्य केंद्रों में नहीं लगी रही कोरोना वैक्सीन
हिमाचल प्रदेश में कोरोना वैक्सीन अब किसी भी स्वास्थ्य केंद्र में नहीं लग रही है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि संक्रमण के मामले काफी नीचे आ गए हैं। अस्पतालों में भी संक्रमण के मरीज अब न के बराबर हैं।