कच्चीघाटी में विधायक विक्रमादित्य सिंह का स्वागत करते कारोबारी। -संवाद
शिमला। शहर के कच्चीघाटी-घोड़ाचौकी बाजार पर अब तीसरी आंख का भी पहरा रहेगा। कारोबारियों की मांग पर इस बाजार में अब सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने बाजार में कैमरे लगाने के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की है।
कच्चीघाटी-घोड़ाचौकी व्यापार मंडल की रविवार को आयोजित आम सभा में पहुंचे विधायक ने कारोबारियों की मांग पर कैमरे लगाने के लिए बजट जारी करने की बात कही। सभा में व्यापार मंडल अध्यक्ष मलकीयत सिंह ने विधायक विक्रमादित्य सिंह और शिमला व्यापार मंडल अध्यक्ष हरजीत मंगा का स्वागत किया और स्थानीय कारोबारियों की समस्याएं बताईं। कहा कि कच्चीघाटी और घोड़ाचौकी में दर्जनों लोग मोटर मार्केट के कारोबार से जुड़े हैं। ज्यादातर लोग सड़क पर ही गाड़ियां ठीक करने का काम कर रहे हैं। इनके लिए अलग मोटर मार्केट होनी चाहिए। सरकार के पास कई बार इस मामले को उठा चुके हैं।
विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह खुद इस मामले को सरकार के समक्ष उठाएंगे। बाजार में सुरक्षा की दृष्टि से जल्द सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस मौके पर स्थानीय व्यापार मंडल उपाध्यक्ष मदन शर्मा समेत कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।