हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई से संबद्ध राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में कक्षाएं दो शिफ्टों में लग सकेंगी। इसके लिए विभाग ने शर्तें की तय की हैं। यह एक अस्थायी व्यवस्था होगी। स्कूल शिक्षा निदेशालय के अनुसार राज्य भर में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध कई सरकारी स्कूलों में चल रही दाखिला प्रक्रिया के दौरान नामांकन में काफी वृद्धि हुई है। यह देखा गया है कि केवल सेक्शन की पाबंदियों या जगह की कमी के कारण योग्य विद्यार्थियों को दाखिला देने से मना करना जनहित और अच्छी शिक्षा तक सभी की बराबर पहुंच सुनिश्चित करने के मकसद के खिलाफ होगा। इसलिए स्कूलों में बढ़ते दाखिलों और मौजूदा आधारभूत संरचना की दिक्कतों की वजह से विद्यार्थियों के ज्यादा दबाव को देखते हुए राज्य में सीबीएसई से जुड़े ऐसे सभी सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों को एक खास और अस्थायी प्रशासनिक व्यवस्था के तौर पर तुरंत प्रभाव से अगले आदेश तक सशर्त दो शिफ्ट में काम करने की इजाजत होगी। इसके लिए शर्तें लागू रहेंगी।