शिमला। गुड़िया मामले में राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला सीबीआई का नया बेस कैंप बन गया है। सीबीआई के प्रमुख जांच अधिकारी अब यहीं ठहरे हैं। पीटरहॉफ से ही सीबीआई की अगली रणनीति बन रही है। हलाइला में एक नामी बागवान और अन्य लोगों से पूछताछ करने के बाद सीबीआई की टीम ने सोमवार सुबह शिमला लौट होटल पीटरहॉफ में ही अब तक हुई तफ्तीश पर विस्तार से चर्चा की। जांच अधिकारियों की यह मंत्रणा करीब चार घंटे तक चली।
सूत्रों की मानें तो सीबीआई को इस प्रकरण में पुलिस की छानबीन से हटकर भी नए सुराग मिले हैं, लेकिन अभी तक इनकी पूरी तरह से पुष्टि होना बाकी है। सीबीआई की विशेष अपराध अन्वेषण शाखा नई दिल्ली के डीआईजी जगबीर सिंह समेत छानबीन को गठित एसआईटी प्रमुख एसपी एसएस गुरुम, एएसपी आरके सेठी और डीएसपी सीमा पाहूजा व अन्य अधिकारी सोमवार को पीटरहॉफ में थे।
दोपहर के बाद करीब चार घंटे तक चली बैठक में अब तक की छानबीन में जुटाए गए तथ्यों की पड़ताल की गई। इसमें पूछताछ, मौके की स्थितियों, फोरेंसिक जांच में मिले सबूतों और तमाम अन्य बातों को मद्देनजर रखते हुए चर्चा की गई। सूत्रों ने बताया कि मामले में पुलिस जांच से अलग कुछ सबूत जरूर मिले हैं, मगर अभी इन पर गंभीरता से जांच किए जाने की जरूरत है।
जंगल में घूम रहे युवक की भी तलाश करेगी सीबीआई
विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि सीबीआई को दांदी जंगल और हलाइला गांव में पूछताछ में किसी ने बताया है कि एक युवक जंगल में घूम रहा था। उसने नेपाली के एक डेेरे के पास जाकर एक नेपाली महिला से पहले तो तीन दिन से खुद को भूखा बताकर खाना मांगा, उसके बाद वह उसे छेड़ने लगा।
उसके बाद महिला ने शोर मचाकर अपनी जान छुड़ाई। वह युवक जंगल में ही कहीं लापता हो गया। सीबीआई आगामी दिनों में संबंधित नेपाली महिला और उसके परिवारजनों से पूछताछ कर उस युवक की भी तलाश करेगी।
अब साइंटिफिक एविडेंस ही सुलझा सकते हैं सीबीआई की नजर
सीबीआई की जांच को साइंटिफिक एविडेंस ही सुलझा सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि सीबीआई को फ ोन कॉल डिटेल से भी कुछ क्लू मिले हैं। सीबीआई को नई दिल्ली से पूरी फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है।
इसमें गुड़िया के शव की विसरा जांच भी शामिल है। हालांकि, अब तक मिली इसकी प्रारंभिक रिपोर्ट से भी सीबीआई को मामले की गुत्थी को सुलझाने वाले साफ सुराग नहीं मिले हैं।
हाईकोर्ट में जल्द स्टेटस रिपोर्ट पेश करेगी सीबीआई
सीबीआई आगामी दिनों में हिमाचल हाईकोर्ट में इस मामले में अब तक हुई छानबीन की स्टेटस रिपोर्ट भी पेश कर सकती है। इस रिपोर्ट को तैयार करने पर भी सोमवार को पीटरहॉफ में हुई बैठक में अधिकारियों ने मंत्रणा की।