कोरोना फैलने पर शिफ्ट किए थे यह दोनों काउंटर, अब तक नहीं किए शुरू, आयुक्त से मिले पूर्व पार्षद
शिमला। शहर के छोटा शिमला जोन से बिजली और पानी के कैश काउंटर शिफ्ट होने से हजारों उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बीते साल कोरोनाकाल में यह दफ्तर यहां से शिफ्ट किए थे।
पेयजल बिल का कैश काउंटर खलीनी शिफ्ट किया है जबकि बिजली का काउंटर बंद पड़ा है। अभी तक इन्हें वापस जोन कार्यालय में नहीं स्थापित किया गया। इस पर छोटा शिमला के पूर्व पार्षद सुरेंद्र चौहान बुधवार को नगर निगम आयुक्त आशीष कोहली से मिले और मांगपत्र सौंपा। कहा कि छोटा शिमला जोन में स्थानीय उपभोक्ताओं के अलावा, बैनमोर, विकासनगर और कसुम्पटी क्षेत्र के लोग बिल जमा करने आते हैं। लेकिन यह काउंटर आठ महीने से बंद पड़ा है। इसे खलीनी शिफ्ट किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें खलीनी में काउंटर खोलने से ऐतराज नहीं है, लेकिन छोटा शिमला में भी पहले की तरह कैश काउंटर की सुविधा लोगों को मिलनी चाहिए। अभी काउंटर न होने से महिलाओं और बुजुर्गों को भी खलीनी या रिज मैदान जाकर बिल जमा करवाने पड़ रहे हैं। कहा कि जोनल कार्यालय ही यदि बंद रहेगा तो जनता को कैसे सुविधाएं मिलेंगी। आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही वह यहां कैश काउंटर खोलने की व्यवस्था करेंगे।