एबीवीपी, एसएफआई और एनएसयूआई पर दर्ज किए गए यह केस
बिना अनुमति सरकारी संपत्ति पर लगाए हैं पोस्टर
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी में बिना अनुमति दीवारों पर स्लोगन लिखने और पोस्टर लगाने को लेकर पुलिस ने एबीवीपी, एसएफआई और एनएसयूआई छात्र संगठनों के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज किए हैं। यह मामले छोटा शिमला, सदर थाना और बालूगंज थाना में दर्ज किए गए हैं।
प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद पुलिस ने शहर में अवैध रूप से लगे होर्डिंग और पोस्टर को लेकर यह मामले दर्ज किए हैं। पहला मामला छोटा शिमला थाना में दर्ज हुआ है। इसमें विकासनगर कार पार्किंग के पास सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल परिसर के सामने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के होर्डिंग, पोस्टर लगे हुए थे। छात्र संगठनों ने यहां पर वॉल राइटिंग भी की थी। एबीवीपी का पिछले सप्ताह यहां पर राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन हुआ था। लेकिन वॉल राइटिंग और होर्डिंग लगाने के लिए प्रशासन से कोई अनुमति नहीं
ली गई थी।
दूसरा मामला लक्कड़ बाजार चौकी में दर्ज हुआ है। इसमें पुलिस टीम ने संजौली कॉलेज के पास सरकारी संपत्ति पर बिना अनुमति एबीवीपी, एसएफआई और एनएसयूआई के पोस्टर लगाने को लेकर मामला दर्ज हुआ है। तीसरा मामला समरहिल चौकी के तहत एचपीयू कैंपस और चौड़ा मैदान में वॉल पेंटिंग और अवैध रूप से पोस्टर लगाने को लेकर दर्ज हुआ है। इसमें भी तीनों छात्र संगठनों को नामजद किया है। हालांकि यह होर्डिंग और वॉल राइटिंग काफी पहले की है। लेकिन अब अदालत के आदेश पर पुलिस ने इनके खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। डीएसपी मुख्यालय कमल किशोर वर्मा ने बताया कि मामलों की तफ्तीश जारी है।