चंबा-कोलका मार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में चालक की मौत हो गई है। दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल चंबा में दाखिल करवाया गया है। घायलों में एक महिला भी शामिल है।
हादसे का शिकार हुए चालक की पहचान विक्की पुत्र जर्म सिंह उम्र 33 वर्ष निवासी पहनाई पंचायत भड़ियां के रूप में हुई है। जबकि घायलों में देवेंद्र पुत्र चतर सिंह निवासी कुठेड़ व नमो देवी पत्नी देस राज निवासी भटका शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि पिकअप चालक विक्की गाड़ी लेकर कोलका से चंबा की तरफ आ रहा था। इस दौरान गाड़ी में दो अन्य लोग सवार हो गए। जब गाड़ी जटकरी के पास पहुंची तो चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में मौके पर ही चालक की मौत हो गई। सुल्तानपुर चौकी प्रभारी शेर सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर रवाना हो गया था। दोनों घायलों के बयान दर्ज किए गए हैं।