बालूगंज पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर शुरू की जांच अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। अनजान शख्स को लिफ्ट देना एक युवक को उस समय भारी पड़ गया जब किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद आरोपी युवक ने उस पर ईंट से हमला कर लहूलुहान कर दिया। घटना समरहिल की है।
गनीमत रही कि इससे पहले युवक ने अपने दोस्त को फोन कर दिया था जोकि कुछ देर में ही मौके पर पहुंच गया और परिजनों की मदद से युवक को समय रहते अस्पताल पहुंचा दिया। आईजीएमसी शिमला में युवक का उपचार चल रहा है और अब उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस के अनुसार भराड़ी का रहने वाला सागर 18 नवंबर की रात को अपने घर से कार में निकला और कच्चीघाटी में दोस्त के साथ समरहिल की ओर चला गए। यहां से देर रात जब युवक घर की ओर आ रहा था तो रास्ते में उसे दो युवक मिल गए जिन्हें उसने लिफ्ट दे दी। इसमें से एक युवक को उसने टुटीकंडी में छोड़ दिया और इसके बाद दोनों वापस समरहिल पहुंच गए। यहां पर उनकी गाड़ी फंस गई और दोनों धक्का लगाकर इसे निकालने लगे। इसी दौरान सागर ने अपने दोस्त को फोन किया कि वह मौके पर आकर गाड़ी निकालने में उनकी मदद करे। शिकायतकर्ता के मुताबिक इसी दौरान किसी बात को लेकर उनकी लिफ्ट लेने वाले युवक से कहासुनी हो गई। इसी बीच युवक ने उसके सिर पर ईंट से हमला कर दिया। इससे वह अचेत होकर गिर गया। इसी बीच उसका दोस्त मौके पर पहुंच गया और उसे लहूलुहान अवस्था में देखा। दोस्त ने पुलिस और परिजनों को सूचित किया। इसके बाद युवक को गंभीर हालत में आईजीएमसी अस्पताल पहुंचाया। युवक के होश में आने के बाद उसके बयान दर्ज किए हैं। इसमें उसने युवक का नाम पता नहीं होने की बात बताई है। पुलिस ने युवक के परिजनों की शिकायत पर अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।