जिला शिमला की नेरवा उपतहसील के शटल बाजार में सोमवार शाम छह बजे खड़ी एक अप्लाइड फॉर बोलेरो कैंपर जीप में रखी पेट्रोल की कैनियों में आग लग गई। इसमें एक महिला और चार बच्चे बुरी तरह से झुलस गए हैं। बताया जा रहा है कि गाड़ी में बैठा एक अन्य व्यक्ति बीड़ी पी रहा था जिससे पेट्रोल ने आग पकड़ ली।
पुलिस ने बीड़ी पीने वाले आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। गाड़ी का चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार बोलेरो कैंपर में 9 से 12 आयु वर्ष के सोनू, पूनम, मनीश और संदीप के अलावा एक महिला अंजना गाड़ी में बैठे थे। बीड़ी की चिंगारी से पेट्रोल की कैनियों में आग लगने से सभी बुरी तरह से झुलस गए हैं।
महिला और चारों बच्चे शलन गांव के हैं। सोनू, पूनम और मनीश भाई-बहन हैं। नेरवा स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया है। डीएसपी नेरवा मनीश डढवाल ने मामला दर्ज करने की पुष्टि की है।
उधर, एएसपी शिमला ग्रामीण संदीप धवन ने बताया कि बीड़ी की चिंगारी से पेट्रोल ने आग पकड़ी है। एक आरोपी को हिरासत में लिया है। घायलों में एक की हालत गंभीर है।